स्कूल में शर्मनाक मामला आया सामने, छात्राओं के पानी में यूरिन मिलाने का आरोप

गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले में दो छात्राओं की पानी की बोतल में कथित तौर पर पेशाब मिलाने और इस पर प्राचार्य (प्रिंसिपल) द्वारा गैर-जिम्मेदाराना जवाब देने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के बाद प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। उपखंड अधिकारी (एसडीएम) के निर्देश पर शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने स्कूल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और दो दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

छात्राओं के आरोपों के बाद परिजनों का हंगामा

मामला आरोन क्षेत्र के एक शासकीय स्कूल का है। कक्षा 5वीं की दो छात्राओं का आरोप है कि स्कूल के कुछ छात्रों ने उनकी पानी की बोतल में पेशाब भर दिया। जब छात्राएं इसकी शिकायत लेकर प्राचार्य के पास पहुंचीं, तो उन्होंने समस्या का समाधान करने के बजाय कथित तौर पर कहा कि यदि पानी का स्वाद खराब लग रहा है तो 10 रुपये की टॉफी खा लो। इस रवैये से आक्रोशित परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और गेट बंद कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रशासनिक टीम ने दर्ज किए बयान

मामले को तूल पकड़ता देख एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार और विकास खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने पीड़िता छात्राओं, उनके परिजनों, अन्य विद्यार्थियों तथा स्कूल स्टाफ के बयान दर्ज किए हैं। जांच प्रक्रिया में छात्राओं के बयानों के साथ-साथ पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन और प्राचार्य की भूमिका की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई

इस संवेदनशील मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजा गया था। संबंधित प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। बीईओ को दो दिनों के अंदर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply