अमित शाह से मिले NCP के छह नेता, मुंबई में डिप्टी सीएम की बैठक से बढ़ी सियासी चर्चा

नई दिल्ली/मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े सियासी उलटफेर के संकेत मिल रहे हैं। सोमवार को उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के 6 वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात से सुनेत्रा पवार और उनके पुत्र पार्थ पवार की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक गलियारों में नए समीकरणों और नेतृत्व पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
विभागों के बंटवारे और वित्त मंत्रालय पर मंथन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे एनसीपी प्रतिनिधिमंडल में प्रफुल पटेल, सुनील तटकरे, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ, धनंजय मुंडे और दिलीप वलसे पाटिल शामिल थे। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब राज्य में एनसीपी को महाराष्ट्र सरकार में दोबारा वित्त मंत्रालय सौंपने की मांग और विभागों के पुनर्गठन की चर्चाएं जोरों पर हैं।
मुंबई में कोर कमेटी की बैठक और चुनावी झटका
दिल्ली की इस अहम बैठक के बाद सोमवार शाम मुंबई में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के आधिकारिक आवास 'देवगिरी' पर पार्टी की कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई है। हाल ही में महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के दौरान छत्रपति संभाजीनगर सीट से पार्टी प्रत्याशी सतीश चव्हाण की हार के बाद पार्टी बैकफुट पर आई है। वरिष्ठ नेता प्रफुल पटेल ने भी नतीजों के बाद संगठन में गहरे सुधार और बदलाव के संकेत दिए थे।
सुनेत्रा पवार ने अंदरूनी कलह से किया इनकार
विधान परिषद चुनाव के झटके और मतभेदों की खबरों के बीच उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने पार्टी में किसी भी तरह की दरार से स्पष्ट इनकार किया है। उनका कहना है कि चुनावों में हार-जीत स्वाभाविक है और पार्टी इस परिणाम पर पूरी निष्ठा से आत्म-चिंतन करेगी। हालांकि, दिल्ली से लेकर मुंबई तक जारी बैठकों के दौर के बाद राज्य की राजनीति में बदलाव के आसार जताए जा रहे हैं।
