दिल्ली में तेज हवाओं ने बढ़ाई ठंड, न्यूनतम तापमान 8.3 से 8.5 डिग्री के आसपास बना रहा…

बीते तीन दिनों से पश्चिम की ओर से आ रही तेज हवाओं ने दिल्ली में सर्दी को बढ़ा दिया है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिसंबर के पहले सप्ताह के मध्य तक अमूमन न्यूनतम तापमान 8.9 रहता है, लेकिन अभी न्यूनतम तापमान 8.3 से 8.5 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अगले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज होने लगेगी।

दिल्ली में गुरुवार को दिनभर गुनगुनी धूप रही। अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालम, मयूर विहार व मुंगेशपर इलाके में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इन केंद्रों पर अधिकतम तापमान एक समान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोदी रोड व मुंगेशपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली के 10 मौसम केंद्रों में से सात केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही दर्ज हुआ। मौसम विभाग की मानें तो चार-पांच दिन उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

Leave a Reply