मॉडिफिकेशन का शौक पड़ा भारी: पुलिसिया कार्रवाई में नापी गईं 52 गाड़ियां, थार-स्कॉर्पियो समेत संदिग्ध वाहन सीज

जयपुर | राजस्थान पुलिस ने प्रदेशव्यापी मेगा नाकाबंदी अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त वाहनों पर सख्त कार्रवाई की है। एक ही दिन के भीतर पूरे राज्य में 52 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें राजधानी जयपुर में अवैध रूप से मॉडिफाइड की गई और काली फिल्म लगी थार व स्कॉर्पियो जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। इस विशेष जांच अभियान के दौरान 74 हजार से अधिक वाहनों को खंगाला गया, जिनमें से 15,083 वाहनों के चालान काटे गए।

हजार से ज्यादा पॉइंट पर सघन चेकिंग और गिरफ्तारियां

पुलिस महानिदेशक के दिशा-निर्देशों पर राज्यभर में कुल 1,103 नाकाबंदी पॉइंट तैयार किए गए थे। इन चौकियों पर मुस्तैद पुलिस टीमों ने करीब 39,984 दुपहिया और 34,888 चौपहिया वाहनों की बारकी से जांच की। नियमों के उल्लंघन के साथ-साथ विभिन्न आपराधिक मामलों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने अभियान के दौरान 226 लोगों को हिरासत में भी लिया।

अवैध मॉडिफिकेशन और ब्लैक फिल्म पर भारी एक्शन

जयपुर ट्रैफिक पुलिस ने किसान धर्मकांटा इलाके में विशेष जाल बिछाकर अकेले वहां से ही 41 गाड़ियों को सीज किया। इनमें अवैध रूप से कस्टमाइज की गई और शीशों पर ब्लैक फिल्म चढ़ी 4 थार और 11 स्कॉर्पियो गाड़ियां शामिल थीं। यातायात अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गाड़ियों में लगाए जाने वाले गैर-कानूनी मॉडिफाइड बंपर हादसे के वक्त एयरबैग्स को खुलने से रोकते हैं, जिससे सवार लोगों की जान को बड़ा खतरा रहता है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों से भी संदिग्ध पाए जाने पर 11 गाड़ियां जब्त की गईं और गैर-कानूनी हथियारों, नशे व अवैध शराब तस्करी के खिलाफ 73 मामले दर्ज किए गए।

लाखों की नकदी सहित भारी मात्रा में नशा और अवैध सामान बरामद

अभियान के तहत अलग-अलग जिलों में विभिन्न प्रकार के चालान बनाए गए, जिसमें बिना हेलमेट के 3,234, बिना सीट बेल्ट के 1,648, दोषपूर्ण नंबर प्लेट पर 1,653 और काली फिल्म के लिए 1,643 चालान शामिल रहे। इसके साथ ही नशे में गाड़ी चलाने वाले 385 ड्राइवरों पर भी शिकंजा कसा गया। कार्रवाई के दौरान जयपुर रेंज से 25.50 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी और 5 गाड़ियां पकड़ी गईं। वहीं भरतपुर में अवैध रेत के परिवहन, कोटा में डोडा-चूरा व अवैध शराब और बीकानेर में भी अवैध शराब के तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

Leave a Reply