कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा, कार की टक्कर से साइकिल सवार ने तोड़ा दम

कोरबा| कोरबा जिले की सड़कों पर बेकाबू रफ्तार का जानलेवा सिलसिला जारी है। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरभावना के समीप सोमवार देर रात एक अनियंत्रित अज्ञात चारपहिया वाहन ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी चालक अपने वाहन सहित घटनास्थल से फरार हो गया, जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
काम निपटाकर घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की शिनाख्त सुरेंद्र सिंह कंवर (47), निवासी ग्राम कनबेरी के रूप में की गई है। स्वजनों के अनुसार सुरेंद्र सिंह कोरबा से अपना निजी कार्य पूरा करने के बाद साइकिल से अपने गाँव कनबेरी वापस आ रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास सामने से आ रही अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच
हादसे की सूचना प्राप्त होते ही उरगा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फरार अज्ञात वाहन और चालक की तलाश के लिए आसपास के मार्गों तथा प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मुआवजे व स्ट्रीट लाइट की मांग को लेकर दो घंटे ठप रहा आवागमन
दुर्घटना से असंतुष्ट ग्रामीणों ने त्वरित सहायता राशि और सड़क पर रोशनी के प्रबंध की मांग को लेकर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे दो घंटे तक दोनों तरफ गाड़ियों का लंबा जमावड़ा लगा रहा। अधिकारियों द्वारा त्वरित आर्थिक सहायता के रूप में 25 हजार रुपये देने और सुरक्षा संबंधी मांगों पर उचित कदम उठाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग पर अंधेरा रहने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उरगा थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया है कि प्रकरण दर्ज कर दोषी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
