U-19 एशिया कप भारत Vs पाकिस्तान टीम इंडिया की खराब शुरुआत

अंडर-19 एशिया कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में मुकाबला खेला जा रहा है। जहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बॉलिंग करने का फैसला किया है। पहले बैटिंग करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में अंगक्रिश रघुवंशी शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। अंगक्रिश का विकेट जीशान ज़मीर के खाते में आया। भारत का स्कोर 2 ओवर तक 1 विकेट के नुकसान पर 9 रन है। हरनूर सिंह और शेख रशीद क्रीज पर। इस मैच में भारत की जूनियर टीम अपनी सीनियर टीम की हार का बदला लेना चाहेगी। दरअसल, टी-20 वर्ल्ड कप के लीग मैच में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था। यह किसी भी क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से भारत की पहली हार थी। टूर्नामेंट में दोनों देशों की जूनियर टीमों का अभी तक शानदार प्रदर्शन रहा है।
पाकिस्तान अंडर-19 (प्लेइंग-XI): अब्दुल वाहिद, माज़ सदाकत, मुहम्मद शहजाद, हसीबुल्लाह (विकेटकीपर), कासिम अकरम (कप्तान), इरफान खान, रिजवान महमूद, अहमद खान, अली असफंद, जीशान ज़मीर, अवैस अली
भारत अंडर-19 (प्लेइंग XI): अंगक्रिश रघुवंशी, हरनूर सिंह, शेख रशीद, यश धुल (कप्तान), निशांत सिंधु, राज बावा, आराध्या यादव (विकेटकीपर), कौशल तांबे, राजवर्धन हनगरगेकर, विक्की ओस्तवाल, रवि कुमार।
दोनों टीमें अपना पहला मुकाबला जीत चुकी हैं
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने UAE को एकतरफा मुकाबले में 154 रनों से हराया था। भारत के लिए हरनूर सिंह ने 120 रनों की पारी खेली थी, जबकि राजवर्धन हनगरगेकर ने ताबड़तोड़ नाबाद 48 रन बनाने के साथ-साथ 3 विकेट भी चटकाए थे। वहीं, पाक ने भी अपने पहले मैच में अफगान टीम को 4 विकेट से मात दी थी। हालांकि, पाकिस्तान टीम के सामने सिर्फ 53 रनों का टारगेट था, लेकिन टीम 6 विकेट गंवा बैठी थी।
पहले मैच में हरनूर सिंह ने भारत के लिए 120 रन की पारी खेली
पहले मैच में टीम इंडिया की इस जीत में हरनूर सिंह ने अहम भूमिका निभाई। हरनूर ने 130 गेंदों पर 120 रन की पारी खेली। इस पारी में 11 चौके भी शामिल थे। हरनूर के साथ ही कप्तान यश ने 63 रनों की शानदार पारी खेली। इसके साथ-साथ राजवर्धन ने 23 गेंदों में नाबाद 48 रनों की विस्फोट पारी खेली। इस तरह भारत ने पांच विकेट खोकर 282 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए घातक गेंदबाजी करते हुए राजवर्धन ने तीन विकेट झटके। उन्होंने 9 ओवर्स में महज 24 रन दिए। वहीं विकी ने 6.3 ओवर्स में महज 7 रन देकर दो विकेट लिए। इनके अलावा गर्व और कौशल ने 2-2 विकेट लिए।
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को 4 विकेट से हराया
पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में अफगानिस्तान को हराया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम को 23.1 ओवर में केवल 52 रन पर ढेर कर दिया था। उसके बाद पाकिस्तान की टीम ने 16.4 ओवर में 6 विकेट खोकर 53 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। पाकिस्तान की ओर से अहमद खान ने 3 विकेट लिए, जबकि जीशान जमीर और आवैस अली ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं कप्तान कासिम अकरम और अली असफंद ने एक-एक विकेट लिए। पाकिस्तान की ओर से सलामी बल्लेबाज माज सदाकत ने नाबाद 14 और विकेट कीपर हसीबुल्लाह ने 11 रन बनाए।
अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया को ग्रुप-ए में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत और पाकिस्तान के अलावा अफगानिस्तान और UAE की टीम भी शामिल है। भारत ने एक मैच खेला है और टीम 2 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है यश धुल (कप्तान) हरनूर सिंह, अंगक्रिश रघुवंशी, एसके रशीद, निशांत सिंधू, सिद्धार्थ यादव, अनीश्वर गौतम, दिनेश बाना, आराध्य यादव, राज अंगद बावा, मानव परख, कौशल तांबे, आरएस हनगरगेकर, वासू वत्स, विकी ओस्तवाल, रविकुमार और गर्व सांगवान।
