उद्धव ठाकरे नहीं लड़ेंगे MLC चुनाव, शिवसेना UBT ने बदला दांव

महाराष्ट्र। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर करते हुए शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आगामी विधान परिषद (MLC) चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने घोषणा की कि उद्धव ठाकरे के स्थान पर अंबादास दानवे महाविकास अघाड़ी (MVA) के आधिकारिक उम्मीदवार होंगे। दानवे गुरुवार, 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

उद्धव ठाकरे के चुनाव लड़ने पर लगा विराम

पिछले काफी समय से चर्चा थी कि उद्धव ठाकरे स्वयं विधान परिषद का चुनाव लड़ सकते हैं। शरद पवार गुट और कांग्रेस ने भी उनके नाम का समर्थन किया था। राष्ट्रवादी कांग्रेस (SP) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी उनसे चुनाव मैदान में उतरने का आग्रह किया था। हालांकि, अब अंबादास दानवे के नाम की घोषणा के साथ ही इन कयासों पर पूरी तरह विराम लग गया है।

संजय राउत ने दी आधिकारिक जानकारी

सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर जानकारी साझा करते हुए लिखा:

"अंबादास दानवे विधानसभा के लिए शिवसेना यानी महाविकास अघाड़ी के उम्मीदवार होंगे। शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने उनके नाम की घोषणा की है और वे कल सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे।"

सीटों का गणित और समीकरण

महाराष्ट्र विधान परिषद की 10 सीटों के लिए चुनाव होना है, जिसमें 9 नियमित और 1 उपचुनाव की सीट शामिल है। वर्तमान विधानसभा सदस्यों की संख्या के आधार पर एक सीट के लिए 28 वोटों का कोटा जरूरी है। इस गणित के अनुसार:

  • भाजपा: 6 सीटें जीत सकती है।

  • शिवसेना (शिंदे गुट): 2 सीटें।

  • एनसीपी (अजित पवार गुट): 1 सीट।

  • महाविकास अघाड़ी (MVA): 1 सीट।

12 मई को होगा फैसला

महाराष्ट्र विधान परिषद की इन 10 सीटों के लिए मतदान 12 मई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद उसी दिन चुनाव के नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। अंबादास दानवे, जिनका कार्यकाल हाल ही में समाप्त हुआ था, अब एक बार फिर परिषद में अपनी जगह बनाने के लिए मैदान में हैं।

Leave a Reply