UPPCL पीएफ घोटाला की जांच में आई तेजी, आईपीएस आनंद कुलकर्णी बने ईओडब्ल्यू के एसएसपी

लखनऊ. उत्तर प्रदेश पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के पीएफ (PF) घोटाले की जांच में तेजी आती दिख रही है. मामले में पूर्व एमडी एपी मिश्रा (AP Mishra) के साथ दो अन्य अफसर गिरफ्तार हो चुके हैं और तीन-तीन दिन की पुलिस रिमांड पर हैं. वहीं अब योगी सरकार (Yogi Government) ने आईपीएस आनंद कुलकर्णी (IPS Anand Kulkarni) को एसएसपी, ईओडब्ल्यू (SSP, EOW) बना दिया है. कुलकर्णी की अगुवाई में अब इस घोटाले की जांच ईओडब्ल्यू करेगी. बात दें हाल ही में आनंद कुलकर्णी को वाराणसी के एसएसपी पद से स्थानांतरित किया गया था. आनंद कुलकर्णी को तेज तर्रार आईपीएस माना जाता है.

पूर्व एमडी एपी मिश्रा की मिली रिमांड

बता दें मामले में गिरफ्तार पूर्व एमडी एपी मिश्रा को कोर्ट ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस को 7 नवंबर की सुबह 10 बजे से 10 नवंबर सुबह 10 बजे तक की रिमांड मिली है. तत्कालीन यूपीपीसीएल एमडी एपी मिश्रा आज रात जेल में ही रहे. बता दें ईओडब्ल्यू ने एपी मिश्रा की 7 दिन की कस्टडी रिमांड की अर्ज़ी दी थी लेकिन कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड ही मंजूर की. एपी मिश्रा को मंगलवार को कई घंटे की पूछताछ के बाद ईओडब्ल्यू ने गिरफ्तार किया था.

सुधांशु दि्वेदी और पीके गुप्ता की तीन दिन की रिमांड

वहीं मामले में गिरफ्तार सुधांशु द्विवेदी और पीके गुप्ता को कोर्ट ने 3 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया है. मामले की जांच कर रही ईओडब्ल्यू को बुधवार शाम 4 बजे से 9 नवंबर शाम 4 बजे तक की रिमांड मिली है. ईओडब्ल्यू ने वैसे इन दोनों की भी 7 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड मांगी थी लेकिन सिविल जज जूनियर डिविजन ने तीन दिन की रिमांड ही मंजूर की.
 

Leave a Reply