UPPCL PF घोटाला: उर्जा मंत्री बोले- किसी भी कीमत पर कर्मचारियों का पैसा रिकवर करवाएगी सरकार

लखनऊ. यूपी पॉवर कारपोरेशन (UPPCL) में भविष्य निधि (PF Scam) में जमा पैसों के साथ हुए भ्रष्टाचार (Corruption) के मामले में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा (Power Minister Shrikant Sharma) ने मंगलवार को कहा कि अभी तो गिरफ्तारी की शुरुआत हुई है. अभी बहुत सारे काम बाकी हैं. सरकार आरोपियों की संपत्ति जब्त कर कर्मचारियों का पैसा रिकवर करवाएगी. अगर जरुरत पड़ी तो सरकार खुद अपने पास से पैसा जमा करवाएगी.

2014 में लिखी गई घोटाले की पटकथा

उर्जा मंत्री ने कहा कि इस घोटाले की पटकथा सपा सरकार में लिखी गई. 2014 में पूरी कहानी बनाई गई. उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच की सिफारिश के लिए पत्र लिखा. ईओडब्ल्यू फ़िलहाल जांच कर रही है. गिरफ्तारियां हो रही हैं और अभी बहुत गिरफ्तारियां होनी हैं. श्रीकांत शर्मा ने कहा हम किसी को नहीं छोड़ेंगे. जब से इस घोटाले की शुरुआत हुई है और आज तक यानी वर्तमान समय के सभी दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. गिरफ्तारियां का सिलसिला चलता रहेगा.

कर्मचारियों का पैसा रिकवर करवाएगी सरकार

सरकार कर्मचारियों का पैसा रिकवर कराएगी. घोटालेबाजों की संपत्ति जप्त की जाएंगी और अगर फिर भी जरूरत पड़ी तो सरकार अपने पास से कर्मचारियों को उनका पैसा वापस करेगी. लेकिन हम किसी को छोड़ेंगे नहीं. विपक्ष पर हमला बोलते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा सभी दल राजनीति कर रहे हैं. हम भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी व्यक्ति को वह चाहे जो भी हो उसको नहीं छोड़ा जाएगा.

सपा ने की उर्जा मंत्री, प्रमुख सचिव और एमडी की बर्खास्तगी की मांग

उधर वरिष्ठ सपा नेता और विधानसभा में नेता पर्तिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा, "यह घोटाला उर्जा मंत्री, प्रमुख सचिव और एमडी के बगैर हो नहीं सकता. इसलिए मुख्यमंत्री से अनुरोध है, वह संत आदमी हैं, इन्हें बर्खास्त करें और पारदर्षिता लागू करें."

बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी सरकार को घेरा

बसपा मुखिया मायावती ने ट्वीट कर लिखा, "यूपी के हजारों बिजली इंजीनियरों/कर्मचारियों की कमाई के भविष्य निधि (पीएफ) में जमा 2200 करोड़ से अधिक धन निजी कम्पनी में निवेश के महाघोटाले को भी बीजेपी सरकार रोक नहीं पाई तो अब आरोप-प्रत्यारोप से क्या होगा? सरकार सबसे पहले कर्मचारियों का हित व उनकी क्षतिपूर्ति सुनिश्चित करे. इस पीएफ महाघोटाले में यूपी सरकार की पहले घोर नाकामी व अब ढुलमुल रवैये से कोई ठोस परिणाम निकलने वाला नहीं है. बल्कि सीबीआई जांच के साथ-साथ इस मामले में लापरवाही बरतने वाले सभी बड़े ओहदे पर बैठे लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है, जिसका जनता को इंतजार है."

सीएम ऑफिस ने ट्वीट कर दिया रकम की सुरक्षा का भरोसा

इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आफिस का ट्वीट भी आया. जिसमें लिखा है बिजलीकर्मियों के जीपीएफ और सीपीएफ की राशि मेहनतकशों की वर्षों की साधना से इकट्ठा हुई है. भ्रष्टाचार के चूल्हे में मेहनत की लकड़ी नहीं जलेगी. मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यूपी सरकार बिजलीकर्मियों की रकम की पाई-पाई की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
 

Leave a Reply