आमिर खान की लाडली आयरा खान की शादी के फंक्शन हुए शुरू, इन फंक्शन्स में एक्स पत्नी और बेटा भी हुआ शामिल.

आमिर खान और रीना दत्ता की बेटी आयरा खान जल्द दुल्हन बनने वाली हैं। आयरा जनवरी में अपने लॉन्ग टाइम ब्वॉयफ्रेंड नुपुर शिखारे के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। दोनों की शादी के फंक्शन शुरू हो गए हैं, जिसकी एक झलक खुद आयरा ने फैंस को दिखाई है।

शुरू हुए आयरा खान की शादी के फंक्शन
आयरा खान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी शादी के फंक्शन की कई झलकियां फैंस के साथ शेयर की हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कई मेहमान डाइनिंग टेबल के पास बैठे हुए और महाराष्ट्रीयन व्यंजनों का आनंद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वहीं, वीडियो में आमिर की पूर्व पत्नी किरण राव और उनके बेटे आजाद राव खान भी बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में आयरा कहते हुए नजर आ रही हैं कि 'हे भगवान, किसी महाराष्ट्रियन से शादी कर लो और केलवन ले लो। यह कितना मजेदार है'।

इसके अलावा एक तस्वीर में होने वाली दुल्हन आयरा अपने दोस्तों के साथ पोज देते हुए नजर आ रही हैं। फोटो में देखा जा सकता है की आमिर की लाडली सुनहरे रंग के सीक्विन वाले ब्लाउज के साथ लाल साड़ी में बहुत खूबसूरत लग रही हैं। अपने इस लुक को पूरा करने के लिए उन्होंने माथे पर बिंदी और कानों में झुमके पहने हुए हैं।

आयरा खान की दोस्त और लिटिल थिंग्स एक्ट्रेस मिथिला पालकर भी इन फंक्शन्स में मौजूद थीं। उन्होंने आयरा और नुपुर के साथ दो तस्वीरें पोस्ट की हैं। फोटोज को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा 'शादी का जश्न शुरू हो गया है'। इसके अलावा एक और फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा 'चलो तुम लोगों की शादी करवा दो'।

कब है आयरा की शादी?
आयरा खान और नुपुर शिखारे की शादी को लेकर पहले यह खबर आ रही थी कि दोनों 3 जनवरी को शादी करने वाले हैं, लेकिन बाद में तारीख में कुछ बदलाव देखने को मिले। ई-टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ऐसा बताया गया कि आमिर खान की बेटी 13 जनवरी को दुल्हन बनेगी।

Leave a Reply