World Cup 2019: रोहित शर्मा की सेंचुरी ने बनाई कप्तान विराट कोहली की ‘स्पेशल फिफ्टी’

नई दिल्ली: भारत ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप (World Cup 2019) में बुधवार को दक्षिण अफ्रीका पर छह विकेट की शानदार जीत दर्ज की. भारत ने दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) को पहले 227/9 के स्कोर पर रोका. फिर रोहित शर्मा (122*) के शानदार शतक की बदौलत 48वें ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. भारत की इस जीत की बदौलत विराट कोहली की कप्तानी में एक और उपलब्धि जुड़ गई. वे उन कप्तानों के ‘स्पेशल क्लब’ में शामिल हो गए हैं, जिनकी कप्तानी में भारत ने 50 मैच जीते हैं.
दक्षिण अफ्रीका पर भारत की जीत, विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी में मिली 50वीं जीत है. उन्होंने अब तक 69 वनडे मैचों में कप्तानी की है. भारत ने इनमें से 50 मैच जीते हैं. एक मैच टाई रहा और 17 मैचों में हार का सामना करना पड़ा. एक मैच रद्द हो गया था.
एमएस धोनी ने 110 मैच जिताए
विराट कोहली भारतीय कप्तानों में सबसे अधिक मैच जिताने के मामले में चौथे नंबर पर हैं. इस मामले में एमएस धोनी (200 मैच, 110 जीत) पहले नंबर पर हैं. मोहम्मद अजहरुद्दीन (174 मैच, 90 जीत) दूसरे और सौरव गांगुली (146 मैच, 76 जीत) तीसरे नंबर पर हैं.
विनिंग परसेंट में सबसे आगे हैं कोहली
अगर हम कम से कम 10 जीत का पैमाना तय करें तो विराट कोहली की सफलता का दर सबसे अधिक है. भारत ने उनकी कप्तानी में 74.26% मैच जीते हैं. एमएम धोनी 59.52% दूसरे नंबर पर हैं. राहुल द्रविड़ (56.00%) तीसरे नंबर पर हैं. भारत ने उनकी कप्तानी में 42 में से 33 मैच जीते हैं.
रिकी पोंटिंग हैं सबसे सफल कप्तान
दुनिया में सबसे अधिक वनडे मैच जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम है. उन्होंने 230 मैचों में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की. इनमें से उसे 165 मैचों में जीत मिली. इन जीत में दो वर्ल्ड कप फाइनल भी शामिल हैं. पोंटिंग की जीत का प्रतिशत 76.14 रहा.
