रक्षाबंधन पर घर लौट रही युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

फिरोजाबाद रक्षाबंधन पर गुरुग्राम से अपने घर लौट रही 21 वर्षीय दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का शिकोहाबाद पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वांछित आरोपी नितिन यादव उर्फ राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला:
जानकारी के अनुसार थाना नसीरपुर क्षेत्र के कुतकपुर गांव की रहने वाली युवती एक हरियाणा के गुरुग्राम की एक निजी कंपनी (ब्लिंकिट) में नौकरी करती थी। वह 12वीं तक शिकोहाबाद में ही पढ़ी थी और बीएससी बायो के बाद नर्सिंग सर्टिफिकेट कोर्स किया था।
वह बुधवार को रक्षाबंधन की छुट्टी लेकर बस से घर आ रही थी। रात करीब 8 बजे शिकोहाबाद पहुंचने पर उसने पिता को फोन कर तबीयत खराब होने और सहेली के घर रुकने की बात कही थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवती सहेली के घर बैग रखकर अपने मित्र राहुल उर्फ नितिन के साथ चली गई थी।
होटल में वारदात:
पुलिस के मुताबिक आरोपी राहुल निवासी विजेंद्र कॉलोनी, शिकोहाबाद ने अपने दोस्त अभिषेक निवासी सलेमपुर के जरिये मईयामई स्थित एक होटल में कमरा बुक कराया और अभिषेक को बाहर पहरे पर बैठा दिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने शक्तिवर्धक दवा खाकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। रात करीब ढाई बजे दोबारा दुष्कर्म का प्रयास करने पर विरोध करने पर बौखलाकर उसका सिर दीवार में दे मारा। सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवती की हालत बिगड़ गई।
रात करीब 3 बजे दोनों युवक उसे बाइक पर बीच में बैठाकर शिकोहाबाद सब्जी मंडी के पास हाईवे स्थित अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसी समय अस्पताल में मौजूद डायल-112 टीम को देखकर अभिषेक मौके से भाग निकला, जबकि राहुल को हिरासत में ले लिया गया।
परिजनों के आरोप और पुलिस कार्रवाई:
परिजनों ने पड़ोसी गांव के युवक नितिन यादव और उसकी सहेली पर दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया था। पहले इसे सड़क हादसा बताने की कोशिश की गई थी, लेकिन परिजनों ने इसे साजिश करार दिया।
थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट और अंदरूनी अंग से रक्तस्राव की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम और विवेचना में आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई है। आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल और यौन उत्तेजक दवा की गोलियां बरामद हुई हैं।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी राहुल को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में एसएसपी आदित्य लांग्हे ने चार टीमें गठित की हैं। दो टीमें थाना कोतवाली की, एक एसओजी और एक सर्विलांस की है। फरार साथी अभिषेक की तलाश तेज है, वहीं मृतका की सहेली भूमिका उर्फ काजल की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
