अगले सत्र के लिए टीम में बदलाव कर सकती हैं कई फ्रेंचाइजी

मुम्बई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अगले सत्र में दो नई टीमों के शामिल होने से एक बड़ी नीलामी रखी जाएगी। इसमें कई टीमें भी बदलाव करेंगी। फ्रेंचाइजी को नीलामी से पहले तय संख्या में कुछ खिलाड़ियों को बनाए रखने की अनुमति दी गयी है। आईपीएल 2022 के लिए होने वाली इस मेगा-नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी अपने अहम खिलाड़ियों को बनाए रखना चाहेंगी। एक फ्रेंचाइजी को 4 खिलाड़ियों को बनाए रखने की अनुमति होगी, जबकि दो नई टीमों को नीलामी से पहले तीन खिलाड़ियों के चयन की अनुमति रहेगी। एक रिपोर्ट के अनुसार कुछ फ्रेंचाइजी अपने युवा खिलाड़ियों को भी बरकरार रख सकती है। युवा खिलाड़ी ईशान किशन, ऋतुराज गायकवाड़ और पृथ्वी शॉ को आईपीएल टीमें बरकरार रख सकती हैं। ईशान मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हैं जबकि ऋतुराज गायकवाड़ चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हैं जबकि पृथ्वी शॉ दिल्ली कैपिटल्स की टीम में हैं। वहीं ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की खराब फार्म को देखते हुए मुंबई उसे शायद ही बरकरार रखेगी। ऋतुराज ने इस साल आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाये हैं। वहीं ईशान का इस सत्र में प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वह 241 रन ही बना पाए। पृथ्वी ने  479 रन बनाए। ऋतुराज 20 लाख रुपये में चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए थे और फ्रेंचाइजी उन्हें बनाए रखना चाहेगी। सीएसके ने कहा है कि वह कप्तान के तौर पर महेन्द्र सिंह धोनी को बरकरार रखेगी। वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा को भी उनकी टीमें आरसीबी और मुम्बई इंडियंस बरकरार रखेगी।

Leave a Reply