अज्ञात बीमारी के चलते गया में एक हफ्ते में 6 बच्चों की मौत

मुजफ्फरपुर । बिहार में मुजफ्फरपुर में चमकी बीमारी के बाद अब गया में एक अज्ञात बीमारी का अगला शिकार हो गया है। गौरतलब है कि जिले के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बीते दो जुलाई से एक्यूट इन्सेफेलाइटिस सिंड्रोंम यानि एईएस के मरीजों का आना जारी है। अस्पताल में अब तक चमकी बुखार से पीड़ित 22 बच्चे भर्ती हुए हैं, जिनमें से 6 बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें से 14 बच्चों में एईएस से संबंधित लक्षण पाए गए हैं। अस्पताल अधीक्षक वीके प्रसाद ने बताया कि अभी तक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद इसके बारे में कुछ कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी बच्चों की रिपोर्ट पटना भेजी गई है, रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। बता दें कि बिहार में अभी तक अज्ञात बीमारी से अब तक 180 से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें से केवल मुजफ्फरपुर जिले में ही 145 से अधिक बच्चे असमय अपनी जान गंवा चुके हैं। चम्पारण और वैशाली के इलाकों में इस अज्ञात बीमारी का अधिक प्रभाव देखा जाता है। गौरतलब है कि बारिश पड़ने के साथ ही मुजफ्फपुर के आसपास के इलाकों में बच्चों की मौत का सिलसिला थम जाता है, वहीं गया और इसके आसपास के इलाके में ये सिलसिला शुरू हो जाता है। हालांकि दोनों ही मामलों में अभी तक डॉक्टरों की शोध टीम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
