अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए युवक बना लुटेरा, पुलिस कर रही तलाश

गोरखपुर । उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए लुटेरा बन गया है। युवक ने बीते 10 फरवीर को एक बाइक और रुपये लूट लिए थे। इस मामले में गुलरिहा पुलिस लगातार जांच कर रही थी। अब पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक व रुपये बरामद कर लिए हैं। हालांकि अभी वारदात का मुख्य आरोपित पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जानकारी के मुताबिक, मुख्य आरोपी वारदात के बाद से अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया है। मामले की जांच कर रहे एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि चिलुआताल के अमवा निवासी हरिकेश एसी मैकेनिक है। 10 फरवरी की रात आठ बजे वह ड्यूटी से घर लौट रहे थे। तभी चार बदमाशों ने हरिकेश से बाइक, मोबाइल व रुपये लूट लिए। साथ ही विरोध करने पर उनके साथ जमकर मारपीट भी की। मारपीट के बाद हरिकेश बेहोश हो गए तो अपराधी उनको छोड़कर मौके पर फरार हो गए। गुलरिहा थाना प्रभारी रवि राय ने बताया कि सूचना पर सरैया के पास तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान चिलुआताल के मिर्जापुर निवासी विशाल उर्फ भीम प्रताप, दीपक उर्फ धर्मेंद्र और विंद्रेश निषाद के रूप में की गई है। जब बदमाशों से पूछताछ की गई तो पता चला कि मिर्जापुर गांव का रहने वाला दिनेश साहनी गिरोह का मुखिया है। उसने रामगढ़ताल क्षेत्र में रहने वाली प्रेमिका के साथ भागकर शादी करने की योजना बनाई थी। लूटी गई बाइक बेचने के बाद मिले रुपये लेकर दिनेश अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया। एसपी नार्थ ने बताया कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
