अफसर ने शिक्षक को छत से फेंका, हालत गंभीर

पटना । बिहार में सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ की दबंगई का एक मामला सामने आया है। मामला औरंगाबाद से जुड़ा है, जहां बकाया वेतन के बारे में बात करने गये शिक्षक को अधिकारी ने कार्यालय की पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। इस घटना में शिक्षक की कमर टूट गई, सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। वारदात का आरोप औरंगाबाद के सर्व शिक्षा अभियान के डीपीओ मिथिलेश कुमार सिंह पर लगा है। गंभीर रूप से घायल शिक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे डीपीओ से जब उन्होंने बकाया वेतन के भुगतान को लेकर बात की तो बहस हो गई। इस दौरान डीपीओ ने कार्यालय कर्मियों के साथ मिलकर पहली मंजिल से मुझे नीचे फेंक दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षक संघ से जुड़े पदाधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय सांसद सुशील कुमार सिंह भी शिक्षक का हाल जानने सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भ्रष्ट और दबंग प्रवृति के डीपीओ की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि यदि शिक्षक को न्याय नहीं मिलता है, तो इसे लेकर एक बड़ा आंदोलन करेंगे। गाौरतलब है कि अपने पदस्थापना काल से ही डीपीओ मिथिलेश सिंह किसी न किसी बात को लेकर हमेशा विवादों से घिरे रहे हैं। उन पर अपने कार्यालय में भ्रष्टाचार के माध्यम से ही सारे काम कराने के आरोप भी लगते रहे हैं।
