अमिताभ बच्चन की सास से मिले नरोत्तम

भोपाल । गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने  फिल्म अभिनेत्री जया बच्चन की मां और अमिताभ बच्चन की सास इंदिरा भादुड़ी के घर पहुंचे। नरोत्तम ने इंदिरा भादुड़ी से बंगाल को राष्ट्रवाद की विचारधारा से जोडऩे के लिए उनका समर्थन मांगा और पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। नरोत्तम ने 15 दिसंबर को भोपाल में बंगाली समाज के साथ भाजपा नेताओं की होने वाली बड़ी बैठक के लिए इंदिरा भादुड़ी को आमंत्रित भी किया। हालांकि इंदिरा भादुड़ी ने बैठक में शामिल होने को लेकर अपनी स्पष्ट राय नहीं दी।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा अपने बंगाल दौरे से शुक्रवार को ही लौटे हैं। उन्हें भाजपा ने बंगाल की कई सीटों की जिम्मेदारी दी है। इसी सिलसिले में नरोत्तम पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल के बीरभूम, वर्धमान, आसनसोल सहित कई जिलों के दौरे पर थे। नरोत्तम ने इंदिरा भादुड़ी से कहा कि पश्चिम बंगाल को राष्ट्रवाद की विचारधारा से जोडऩे की जरूरत है, बंगाल में भी आपकी चर्चा थी, इसलिए मैं आपसे मिलने आया हूं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने बंगाल की हालत बहुत खराब कर दी है, वहां भूखमरी, बेरोजगारी, गरीबी बहुत है। नरोत्तम ने कहा कि भोपाल में बंगाली समाज के लगभग ढाई लोग रहते हैं। सभी के साथ मिलकर बंगाल को राष्ट्रवाद की विचारधारा से जोडऩे के लिए कार्य करेंगे।
भोपाल में होने वाली बंगाली समाज की बैठक के लिए भाजपा नेता तपन भौमिक भी सभी लोगों से संपर्क कर रहे हैं। भाजपा ने मिशन बंगाल के लिए मप्र के दो नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय बंगाल के प्रभारी हैं। नरोत्तम मिश्रा ने इंदिरा भादुड़ी से कहा कि बंगाल में राष्ट्रवाद के लिए एकजुटता जरूरी है। बेहतर होगा कि बंगाल राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जुड़े, इससे देश के विकास में गति आएगी। गौरतलब है कि पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हमलेे के बाद बंगाल को लेकर राजनीति तेज हो गई है।

Leave a Reply