आज किसानों का ‘जाम आंदोलन’, यूपी के सभी 130 टोल प्लाजा पर पुलिस-PAC तैनात

कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन सोलहवें दिन भी जारी है. शनिवार को आंदोलित किसानों का प्रदर्शन सत्रहवें दिन में प्रवेश कर गया है. किसान संगठनों ने दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक ठप करनी की चेतावनी दी है. वहीं दूसरी तरफ हरियाणा में किसानों ने टोल प्लाजा को घेरने का आह्वान किया है. लिहाजा, गुरुग्राम और फरीदाबाद में पुलिस अलर्ट है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
यूपी के सभी टोल प्लाजा पर सुरक्षा और सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं. प्रदेश के सभी 130 टोल प्लाजा पर पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है. किसान आंदोलन को देखते हुए डीजीपी मुख्यालय ने निर्देश जारी किए हैं. सभी जिला कप्तानों को टोल प्लाजा की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं. फायर ब्रिगेड, यूपी 112, खुफिया सभी को अलर्ट पर रहने के निर्देश हैं. बता दें, किसानों ने शनिवार को टोल प्लाजा ब्लॉक करने का ऐलान किया है.
हरियाणा में आंदोलित किसानों ने टोल प्लाजा बंद करने की धमकी दी है. जिसे देखते हुए सभी पांच टोल प्लाजा पर 3500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. ये सभी दंगा-रोधी उपकरण के साथ वहां तैनात किए गए हैं.
किसानों के टोल प्लाजा को घेरने के आह्वान पर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट है. आंदोलन की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. प्रदर्शन के दौरान लोगों पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी. इस दौरान करीब 3,500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. फरीदाबाद जिले के हर टोल प्लाजा पर एक-एक सहायक पुलिस आयुक्त और संबंधित थाना के पुलिस बल के अलावा रिजर्व पुलिस बल की तैनाती की गई है.
टीम इंडिया को दो बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले क्रिकेटर युवराज सिंह का शनिवार को जन्मदिन है, लेकिन इस बार उन्होंने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला लिया है. इसकी वजह है किसानों का आंदोलन. उन्होंने सोशल मीडिया पर इस बात की घोषणा करते हुए लिखा कि इस साल मैं अपना जन्मदिन मनाने के बजाए, हमारे किसानों और सरकार के बीच चल रही बातचीत में जल्द समाधान के लिए प्रार्थना कर रहा हूं. हमारे किसान हमारे राष्ट्र की जीवन रेखा हैं. मेरा मानना है कि ऐसी कोई समस्या नहीं है जिसे शांतिपूर्ण बातचीत से हल नहीं किया जा सकता है.
एक तरफ किसानों की चेतावनी है तो दूसरी तरफ कानून वापस ना लेने की सरकार की धमक. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि 12 दिसंबर को किसान दिल्ली-जयपुर हाइवे को ब्लॉक करेंगे. इस दौरान किसान जिला कलेक्टर, बीजेपी नेताओं के घरों के सामने प्रदर्शन करेंगे तो टोल प्लाज भी जाम करेंगे.
