अमुवि छात्र के खाते से कट गए डेढ़ लाख 

अलीगढ़ । अब जानकर लोग भी साइबर ठगों के झांसे से बच नहीं पा रहे।कल अमुवि के एक छात्र से ठगी का मामला सामने आया है। छात्र ने सर्च इंजन पर एक बैंक का कस्टमर केयर नंबर तलाशा था। उस पर काल की तो बदले में कुछ जानकारियां मांगी गई। छात्र के जानकारी देते ही खाते से एक लाख 56 हजार रुपये कट गए। छात्र ने साइबर थाने में तहरीर दे दी है।यह ठगी एएमयू में बीए की पढ़ाई कर रहे छात्र जुनैद के साथ हुई है। जुनैद ने बताया कि बैंक में कुछ जानकारी हासिल करने के संबंध में कस्टमेयर केयर का नंबर ढूंढ रहा था। इसके लिए सर्च इंजन पर एक टोल फ्री नंबर मिला। उस पर काल की तो व्यक्ति ने खाते के संबंध में कुछ जानकारी मांगी। पहले कुछ संदिग्ध लगा। लेकिन, सर्च इंजन से निकाले नंबर पर भरोसा करते हुए छात्र ने कालर को जानकारी दे दी। कुछ ही देर में उसके खाते से एक लाख 56 हजार रुपये कट गए। मैसेज आते ही छात्र के होश उड़ गए। छात्र ने बैंक मैनेजर से शिकायत की। इसके बाद रेंज स्तर पर बने साइबर थाने में शिकायत की है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छात्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जिस नंबर पर काल की गई थी, उसे ट्रेस किया जा रहा है।

Leave a Reply