अल्जाइमर से होती हैं अनेक समस्याएं

आम तौर पर माना जाता है कि अल्जाइमर 'भूलने की बिमारी है' है, लेकिन इस बीमारी के लक्षण बताते हैं कि इससे अनेक प्रकार की समस्याएं मानव शरीर में हो जाती हैं। इसके लिए ज्ररुरी है कि इस बीमारी के लक्षणों को जाना जाए। इस बीमारी के प्रमुख लक्षणों में याददाश्त की कमी होना, निर्णय लेने में परेशानी महसूस करना, बात करते हुए शुद्ध बोलने में परेशानी होना और फिर इसकी वजह से सामाजिक और पारिवारिक संबंधों में आने वाली परेशानियां भी शामिल हो जाती हैं। इस बीमारी के कारणों में ब्लड प्रेसर , शुगर, आधुनिक जीवनशैली और कई बार सिर में चोट लगने जैसे कारण भी होते हैं। यह बीमारी आमतौर पर 60 वर्ष की उम्र के आसपास होती है और इस बीमारी का अभी तक कोई स्थायी इलाज भी सामने नहीं आया है हालांकि बीमारी के शुरूआती दौर में नियमित जांच और इलाज से इस पर काबू पाने की बात जरुर होती है। अल्जाइमर रोग होने की पहचान जिन लक्षणों से की जा सकती है। उनमें प्रमुखत: चीजों को बार-बार भूलना, चीजों को गुमा देना, अपने नियोजनों को भूलना, शब्दों को याद ना रख पाना, चीजों को सीखने में और उन्हें याद रखने में कठिनाई आना है। इस बीमारी के चलते अधिक उन्माद होने पर आपकी पूरी दीर्घकालिक और अल्पकालिक स्मृति का नाश भी हो सकता है। इसके साथ ही अनिर्णय की स्थिति बनने लगती है। अनेक बार आप उस निर्णय को कर जाते हैं जो कि आपको नहीं करना चाहिए उदाहरण के तौर पर गर्मी के मौसम में सर्दी के कपड़े निकालकर पहन लेना। ऐसे में यह भी होता है कि आप पैर आगे बढ़ाना भूल जाते हैं जिससे संतुलन बिगड़ जाता है और आप गिर भी सकते हैं। इससे दैनिक क्रियाओं में भी खासी दिक्कतें आने लगती हैं। इसके चलते आपकी सोच में परिवर्तन आने लगता है और आप शांत स्वभाव की बजाय आक्रामक, चिंतित या संदिग्धों जैसा व्यवहार करने लग जाते हैं। यह प्रभाव कुछ देर का होता है अत: आप पुन: सामान्य व्यक्तियों सा व्यहार करते नजर आते हैं। इस प्रकार अल्जाइमर सिर्फ भूलने की बीमारी नहीं बल्कि जिंदगी को परेशानियों में डालने वाली साबित होती है, जिससे सावधान रहते हुए समय पर इलाज कराना ही ठीक होता है।
