एफएसटी एवं पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही, 86 लाख रू. जप्त 

इन्दौर । अपर कलेक्टर एवं व्यय निगरानी टीम के नोडल अध‍िकारी अजय देव शर्मा ने बताया कि इंदौर जिले में लोकसभा निर्वाचन-2019 के लिये कलेक्टर एवं जिला  निर्वाचन अधिकारी लोकेश कुमार जाटव के निर्देशन में व्यय निगरानी दलों द्वारा नगदी की आवाजाही पर सतत् निगरानी रखी जा रही है। सहायक रिटर्निंग अधिकारी राऊ एवं एफएसटी दल को बड़ी मात्रा में कैश की आवाजाही की सूचना प्राप्त हुई थी। जिसके आधार पर उनके द्वारा सूचना का संकलन कर टीमें लगाई गई। आज कैश के मुवमेंट की सटिक जानकारी मिलने पर वाहन का पीछा किया गया एवं एमआजी थाना क्षेत्र अंतर्गत वाहन के पहुचने की सूचना थाना प्रभारी को दी गई। उनके द्वारा मोटर साईकिल से तुरंत जाकर वाहन को रोका गया एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी राऊ, एफएसटी दल एवं पुलिस के संयुक्त प्रयास से छियासी लाख जप्त किये गये। 
जिला व्यय नोडल अधिकारी अजय देव शर्मा ने थाना एमआयजी पहुंचकर मामले की विस्तृत जानकारी ली एवं आयकर विभाग को तत्काल सूचना दी गई। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं आयकर विभाग द्वारा मामले की जांच की जायेगी। लोकसभा निर्वाचन-2019 में आचार संहिता लागू होने की दिनांक से अब तक कुल 51 लाख 36 हजार 360 रूपये की नगद जप्ती की है। सोमवार 6 मई को एफएसटी एवं पुलिस विभाग थाना एमआईजी द्वारा अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही करते हुये 86 लाख रूपये की नगद जप्ती की। इस प्रकार अभी तक की आचार संहिता के दौरान कुल 137 लाख के लगभग की नगदी जप्ती की जा चुकी है।
इसी प्रकार आचार संहिता के दौरान शराब, गांजा, ब्राउन शुगर, वाहन जप्ती आदि के तहत एक करोड 85 लाख 69 हजार 161 रूपये की सामग्री जप्ती की कार्यवाही की जा चुकी है। कुल नगद एवं सामग्री की राशि 322 लाख की जप्ती की जा चुकी है एवं एफएसटी/ एसएसटी/ पुलिस/ आबकारी/ नारकोटिक्स/ आयाकर/ रेलवे पुलिस/ सीआयएसएफ दलों द्वारा क्षेत्र में सघन कार्यवाही निरंतर जारी है।

Leave a Reply