अस्पतालों में ऑक्सीन और बेड्स बढ़ायें-गालरिया

जयपुर । चिकित्सा शिक्षा सचिव वैभव गालरिया ने गोविंद मार्ग स्थित चिकित्सा शिक्षा भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक में कहा है कि कोरोना के बढ़ते मामलों के बावजूद राज्य के अस्पतालों में ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति और अतिरिक्त बेड्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। 
उन्होंने कहा कि कोरोना की इस दूसरी लहर में रेमेडीसीवर इंजेक्शन की मांग एकाएक बढ़ गई है लेकिन इसकी आपूर्ति में सुधार किया जा रहा है। आपात व्यवस्था के तहत रेमेडीसीवर के 10 हजार इंजेक्शन तुरंत प्रभाव से जिला अस्पतालों को भेजे गए हैं। उन्होंने शीघ्र ही मांगानुसार इसकी उपलब्धता की उम्मीद भी जताई। उन्होंने टेस्ट क्षमता बढ़ाने, अस्पतालों में आधारभूत संरचना में स्थितिनुसार सुधार करने और कर्मचारियों समेत किसी भी तरह की कमी को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।  चिकित्सा शिक्षा सचिव ने कहा कि रेमेडीसीवर इंजेक्शन का निर्यात बंद होने से अगले कुछ दिन में इसकी आपूर्ति बढ़ जाएगी। लेकिन इस इंजेक्शन की महत्ता देखते हुए इसे पहले जरूरतमंद को ही लगाया जाए। उन्होंने कहा कि रेमेडीसीवर इंजेक्शन लगाने के मामलों की तर्कसंगत समीक्षा की जाए। चिकित्सा शिक्षा सचिव ने सभी चिकित्सा महाविद्यालयों से संबद्ध अस्पतालों में ऑक्सीजन की वर्तमान उपलब्ध मात्रा और आगामी समय में मांग में बढ़ोत्तरी होने पर आपूर्ति श्रृंखला को सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार कोविड टेस्ट्स की संख्या ज्यादा से ज्यादा बढ़ाई जाए। इसके लिए 44 नई आरटीपीसीआर मशीनें और 28 नई आरएनए एक्सट्रैक्शन मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।

Leave a Reply