अस्पताल वाले दोस्त से रेमडेसिविर लेकर सोशल मीडिया में करते थे पोस्ट- किसी को इंजेक्शन चाहिए तो ले लो

रायपुर पुलिस ने रेमडेसिविर बेचने वाले दुर्ग के दो लड़कों को पकड़ा है। ये दोनों सोशल मीडिया का इस्तेमाल रेमडेसिविर बेचने के लिए करते थे। पुलिस की टीम को शिकायत मिली तो फौरन इन्हें पकड़ने का जाल बिछाया गया और इनकी गिरफ्तारी मुमकिन हो पाई। पुलिस के हत्थे चढ़े युवकों में दुर्ग के मुस्लिम सरायह का रहने वाला 28 साल के शाहरूख कुरैशी पुत्र सलीमुद्दीन कुरैशी और मोहसिन खान पुत्र महमूद खान शामिल हैं। पुलिस को एक महिला ने शिकायत करके इन युवकों की जानकारी दी थी। अब तक की जांच में पता चला है कि भिलाई के सेक्टर 9 के अस्पताल में इनका एक दोस्त काम करता है, वही इन्हें इंजेक्शन देता था और ये उसे मनमाने दाम पर बेचते थे।

पुलिस ने ग्राहक बनकर 17 हजार में की डील
युवकों की जानकरी रायपुर के सायबर सेल को मिली। ग्राहक बनकर अफसरों ने शाहरूख कुरैशी से संपर्क किया। 17 हजार रुपए में इंजेक्शन देने की डील पक्की हुई। इंजेक्शन की डिलीवरी करने शाहरुख अपने साथी के साथ रायपुर के एम्स अस्पताल के पास आया। पहले से ही पुलिस ने जाल बिछा रखा था। युवक ने इंजेक्शन लेने पुलिस का एक कॉन्स्टेबल गया। पीछे दूसरी टीम नजर रखे हुए थी। जैसे ही युवक ने इंजेक्शन निकाला इसे पकड़ लिया गया। दोनों के पास से दो रेमडेसिविर इंजेक्शन मिले हैं। ये इंजेक्शन कोविड के कई गंभीर मरीजों की जिंदगी बचा रहे हैं, इस वजह से इनकी कालाबाजारी हो रही है। 900 से 1500 रुपए इनकी बाजार में कीमत है।

Leave a Reply