अागरा घूमने अाए स्विस जोड़े के साथ दुर्व्‍यवहार, 4 पर एफआइआर दर्ज

नई दिल्‍ली। उत्‍तर प्रदेश के फतेहपुरी सिकरी से शर्मशार करने वाली खबर सामने आई है। भारत घूमने आए एक स्विस जोड़े के साथ यहां कुछ युवाओं ने ऐसा दुर्व्‍यवहार किया, जिसके बारे में जान आप भी शर्मिंदा महसूस करेंगे। घटना रविवार दोपहर की है। स्विट्जरलैंड के लुजाने के रहने वाले जोड़े का युवाओं के एक समूह ने रेलवे स्‍टेशन से परेशान करना शुरू किया। उनका पहले पीछा किया गया और फिर पत्‍थरों-डंडों से बेरहमी से पीटा भी गया। वहीं वे खून से लथपथ सड़क पर पड़े रहे और आते-जाते लोग उनकी मदद करने की बजाय वीडियो बनाने में मशगूल नजर आए।

 

पिछले महीने 30 सितंबर को अपनी गर्लफ्रेंड मेरी द्रोज के साथ भारत आए क्यून्टीन जेर्मी क्लॉर्क फिलहाल दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं उनकी गर्लफ्रेंड का बायां हाथ जख्‍मी हो गया है। शुरुआत में उन्‍हें कम्‍युनिटी हेल्‍थ सेंटर ले जाया गया, जहां से उन्‍हें आगरा और फिर बाद में दिल्‍ली के अपोलो अस्‍पताल रेफर कर दिया गया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जल्‍द ही उन्‍हें डिस्‍चार्ज कर दिया जाएगा। शनिवार को आगरा घूमने के बाद वह रविवार को फतेहपुर सीकरी पहुंचे थे।

इस बीच, विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने इस पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए विदेशी पर्यटकों की पिटाई पर सख्‍त नाराजगी जताई है और इस संबंध में उन्‍होंने राज्‍य सरकार से रिपोर्ट मांगी है। उधर, खबर है कि चार अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर लिया गया है और एक आरोपी शख्‍स को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इस बीच, विदेश मंत्रालय के अधिकारी पीड़ितों से मिलने के लिए अपोलो अस्‍पताल पहुंच गए हैं।

 

Leave a Reply