इंडोनेशिया की पटाखा फैक्ट्री में आग से 47 की मौत, कई घायल

जकार्ता, रायटर/एएफपी। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के बाहरी इलाके में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को आग लगने से 47 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं। पुलिस का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। टीवी फुटेज में जकार्ता के टेंगरेंग जिले में स्थित इस पटाखा फैक्ट्री के ऊपर काले धुंए का गुबार देखा गया।

 

जकार्ता पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि फैक्ट्री में 103 श्रमिक थे। इनमें से 47 के शव मिले हैं। 46 लोग घायल हैं। दस श्रमिकों का कुछ पता नहीं चला। संभावना जताई जा रही है कि ये लोग मामूली रूप से घायल होने के बाद या तो मौके से चले गए या धमाके के समय वहां मौजूद ही नहीं थे।

 

चश्मदीदों के अनुसार, फैक्ट्री में आग के दौरान दो तेज धमाके भी हुए। पहला धमाका सुबह करीब दस बजे और दूसरा तीन घंटे बाद हुआ। इनकी आवाज कई मील दूर तक सुनी गई। सोशल मीडिया पर फैक्ट्री के अंदर का एक वीडियो साझा किया जा रहा है, जिसमें जले हुए शव दिखाई पड़ रहे हैं। यह फैक्ट्री महज दो महीने पहले ही चालू हुई थी।

Leave a Reply