इटली में टली बड़ी दुर्घटना, तट पर सुरक्षित पहुंचा जहाज

गलीपोली (इटली)। इटली में एक बड़ी समुद्री दुर्घटना होते-होते उस समय बच गई जब समुद्र में भटक चुका एक जहाज किसी तरह गलीपोली तट तक पहुंच गया। जहाज में 900 से अधिक लोग सवार थे। अगर यह चट्टानों से टकरा जाता तो जहाज में बैठे लोग मारे जाते।

ग्रीस के तटरक्षक बलों के मुताबिक सीरियाई शरणार्थियों को लेकर कोर्फू तट के नजदीक समुद्र में भटक गया था। मंगलवार को जहाज ब्लू स्काई एम पर सवार एक व्यक्ति ने किसी तरह फोन कर जानकारी दी कि कुछ हथियारबंद लोग इसे चला रहे हैं। सूचना मिलते ही नौसेना के हेलीकॉप्टर और गश्ती जहाजों पर सवार तटरक्षकों ने इस जहाज को घेर लिया, जहां उन्हें पता चला कि यह जहाज बिना किसी चालक के ऑटो पायलट मोड में चल रहा था। कड़ी जद्दोजहद के बाद इस पर नियंत्रण पाया जा सका।

इस जहाज पर तकरीबन 900 अवैध शरणार्थी सवार थे। इनमें से ज्यादातर हिंसाग्रस्त सीरिया के बताए गए हैं। इन शरणार्थियों में एक गर्भवती महिला भी सवार थी। पुलिस और नौसेना अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि आखिर जहाज पर ये सभी अवैध शरणार्थी कहां से और कैसे सवार हुए।

चार शरणार्थियों की मौत

जहाज पर अवैध तरीके से सवार शरणार्थियों में चार की मौत हो गई। शवों को अस्पताल में रखा गया है जबकि जहाज से बचाए गए लोगों की पहचान की जा रही है। सीरिया और लीबिया में हिंसाग्रस्त हालात के चलते नवंबर से अब तक करीब 1,60,000 शरणार्थी इटली में जबकि 40,000 शरणार्थी ग्रीस में समुद्री रास्तों से पहुंचे हैं। इस कोशिश में हजारों की मौत भी हो गई।
 

Leave a Reply