इस पूर्व क्रिकेटर ने धोनी को दशक की आईसीसी टीम का कप्तान बनाने पर हैरानी जतायी 

नई दिल्ली। पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को आईसीसी की दशक की सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय टीम का कप्तान बनाये जाने पर हैरानी व्यक्त की है। चोपड़ा ने कहा कि पिछले एक साल के अंदर धोनी का प्रदर्शन ऐसा नहीं रहा है जिसके आधार पार उन्हें ये अहम जिम्मेदारी सौंपी जाती। चोपड़ा ने दशक की  अंतरराष्ट्रीय टीम में चयन के तरीके पर भी सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि धोनी को किस प्रकार दशक की इस टीम का कप्तान और विकेटकीपर बनाया है वह समझ से परे है। उनकी जगह इंग्लैंड के जोस बटलर को विकेटकीपर की जिम्मेदारी  दी जानी चाहिये थी। उन्होंने कहा कि बीते 10 साल में धोनी ने भारत को कोई टी20 विश्वकप नहीं जितवाया और न ही बतौर बल्लेबाज बहुत लाजवाब प्रदर्शन किया है। चोपड़ा को लगता है कि धोनी के स्थान पर बटलर जैसे खिलाड़ी को शामिल किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में इंग्लैंड के बटलर और दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डि कॉक दोनों ने धोनी से ज्यादा रन बनाए हैं। इनका स्ट्राइक रेट भी धोनी से अच्छा रहा है। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 का विश्व टी20 जीता था पर इसके बाद टीम एक बार फाइनल में पहुंची है और एक बार सेमीफाइनल तक पहुंची है। 
एक वीडियो में चोपड़ा ने कहा, 'मैं थोड़ा सा हैरान हूं क्योंकि अगर आप दशक के टी20 अंतरराष्ट्रीय की बात करें तो न तो भारत ने कुछ जीता है और न ही धोनी ने इतना अच्छा किया है। हम टी20 की टीम बना रहे हैं और इसमें बटलर जैसे खिलाड़ी नहीं हैं।' चोपड़ा ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि तीनों टीमों में पाकिस्तान का कोई भी खिलाड़ी जगह नहीं बना पाया बावजूद इसके कि पाकिस्तान टी20 में नंबर वन टीम रही है और बाबर आजम रैंकिंग में नंबर वन बल्लेबाज रहे हैं। चोपड़ा इस बात भी हैरान नजर आए कि आईसीसी ने सिर्फ तीन मुख्य गेंदबाजों को टीम में चुना है। इस टीम में लसिथ मलिंगा, जसप्रीत बुमराह और राशिद खान को रखा गया है। वहीं दो बैटिंग ऑलराउंडर्स- कायरन पोलार्ड और ग्लेन मैक्सवेल को रखा गया है। चोपड़ा का मानना है कि आईसीसी की टीम एक तमाशा है और कुछ नहीं। 
 

Leave a Reply