उपचुनाव: कर्नाटक के बेल्लारी में कांग्रेस और बीजेपी के बीच है प्रतिष्ठा की लड़ाई

कर्नाटक में दो विधानसभा क्षेत्रों और तीन लोकसभा सीटों के लिए आज शनिवार को उपचुनाव होगा। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा और शाम 6 बजे समाप्त होगा। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए, मतदान केंद्रों के चारों ओर सुरक्षा का कड़ा घेरा होगा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पांच निर्वाचन क्षेत्रों में विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
"कुल 1,502 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया था। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि कुल 35,495 मतदानकर्मी चुनाव के दौरान ड्यूटी पर होंगे। अधिकारियों ने यह भी बताया कि 8,922 मतदान केंद्र ऐसे होंगे जहां वीवीपैट का इस्तेमाल किया जाएगा।"
लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र
बल्लारी, शिवमोग्गा और मंड्या शामिल हैं।
विधानसभा उपचुनाव
रामानगर और जमखंडी में होंगे।
कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन
कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन इस साल मई में हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद कर्नाटक की सत्ता में आए। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के लिए ये उपचुनाव अग्निपरीक्षा की तरह होंगे। बताते चलें कि कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन ने बीजेपी के खिलाफ एकजुट चुनाव का सामना करने का फैसला किया है। कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को जमखंडी और बल्लारी से मैदान में उतारा है, जबकि जेडी(एस) शिवमोग्गा, रामानगर और मंड्या से चुनाव लड़ रही है। देखा जाए तो इन उपचुनावों के नतीजे 2019 लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन पर असर डाल सकते हैं।
उम्मीदवारों और मतदाताओं के बारे में
कुल 54,54,275 मतदाता अपने लगभग 6,450 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे। सभी पांच निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 31 उम्मीदवार मैदान में हैं, हालांकि प्रतियोगिता मुख्य रूप से कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन और बीजेपी के बीच है। जमखंडी में पूर्व विधायक सिद्दू न्यामगौड़ा के बेटे आनंद न्यामगौड़ा कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। वहीं जमखंडी से भाजपा ने श्रीकांत कुलकर्णी को मैदान में उतारा है। शिवमोग्गा में भाजपा अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा के बेटे बी वाई राघवेंद्र जेडी(एस) पूर्व मुख्यमंत्री बंगाराप्पा के बेटे मधु बंगारप्पा के खिलाफ अपना भाग्य आजमा रहे हैं। बल्लारी में वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीरामुलु की बहन जे शांथा कांग्रेस के वी एस उग्रप्पा के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। मंड्या के वोक्कलिगा गढ़ में जेडी(एस) के शिवराम गौड़ा को भाजपा की ओर से सेवानिवृत्त वाणिज्य कर अधिकारी डॉ सिद्धारमैयाह टक्कर देंगे।
मैदान में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की पत्नी अनीता कुमारस्वामी हैं। रामनगर विधानसभा उपचुनाव से दो दिन पहले भाजपा के लिए बड़ी असहज स्थिति पैदा हो गयी जब मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी की पत्नी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे पार्टी के उम्मीदवार एल चंद्रशेखर ने गुरूवार को नाम वापस ले लिया और कांग्रेस में वापसी की। चंद्रशेखर के उम्मीदवारी वापस लेने के साथ कुमारस्वामी की पत्नी अनिता कुमारस्वामी की जीत आसान मानी जा रही है। सभी पांच निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम 6 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
