तलाक की खबरों के बीच पेंटिंग प्रदर्शनी में पहुंचीं ऐश्वर्या लेकिन चेहरे पर दिखी परेशानी

लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की ओर से तलाक की अर्जी कोर्ट में दायर करने के बाद सियासी भूचाल के बीच ऐश्वर्या यादव शुक्रवार को राजधानी के भारतीय नृत्य कला मंदिर बहुद्देश्यीय परिसर में एक पेंटिंग प्रदर्शनी में शिरकत कर रही थीं। इसमें ऐश्वर्या मौजूद तो थीं लेकिन उनके चेहरे का रंग हर दिनों की तरह नहीं था। वह बहुत ही गुमसुम और चुपचाप थीं। कई बार लोगों ने उन्हें टोकने की कोशिश भी की। लेकिन उनकी मां डा.पूर्णिमा राय ने कहा कि ऐश्वर्या कम बोलती हैं। आधे घंटे तक कार्यक्रम में ऐश्वर्या राय रहीं, लेकिन इस बीच उनका मूड उखड़ा-उखड़ा सा रहा।
यह पेंटिंग प्रदर्शनी एक महिला के जीवन संघर्षों पर आधारित थी। औरत का जीवन संघर्षों से भरा होता है। उसकी जिंदगी के कई पहलू होते हैं। एक मां,एक बेटी, एक बहू के तौर पर उसके जीवन में कई तरह के अनुभव होते हैं। एक औरत के इन संघर्षों को बड़े ही खूबसूरती के साथ निभा श्रीवास्तव ने मिक्स्ड मिडिया और ऑयल की मदद से कैनवास पर उकेरा है। शुक्रवार से शुरू हुई पेंटिंग प्रदर्शनी 7 नवंबर तक चलेगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन ऐश्वर्या यादव ने किया।
समारोह में ऐश्वर्या के पति पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव भी आमंत्रित थे। पर वे कतिपय कारणों से मौके पर उपस्थित नहीं थे। हालांकि आयोजक द्वारा पेंटिंग प्रदर्शनी को लेकर जारी प्रेस विज्ञप्ति में समारोह में तेज प्रताप यादव के भी उपस्थित होने की सूचना दी गयी है। समारोह की मुख्य अतिथि पटना दूरदर्शन की कार्यक्रम प्रमुख रत्ना पुरकायस्थ और वरीय चित्रकार प्रो.श्यामा शर्मा थे। निभा जी के मुताबिक प्रदर्शनी सुबह 11 से शाम 6 बजे तक चलेगी।
