एम्स, भोपाल में कोविड टीकाकरण अभियान

भोपाल । कोविड महामारी को हराने के लिए जारी राष्ट्रव्यापी प्रयासों एवं प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप देश ने 16 जनवरी 2021 से प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण अभियान के साथ एक महत्वपूर्ण चरण में प्रवेश कर लिया है। इस प्रक्रिया के तहत एम्स, भोपाल में भारत सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रावधानों के अनुसार संस्थान के समस्त स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों के लिए कोविड टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है।
एम्स, भोपाल में कोविड टीकाकरण की तैयारी पूरे जोरों पर है। इन समस्त प्रयासों एवं कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रो. सरमन सिंह, निदेशक एम्स, भोपाल के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया है जो कि इस अभियान की सफलता के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। ये सभी कार्य डॉ. मनीषा श्रीवास्तव, चिकित्सा अधीक्षक की देखरेख एवं सामुदायिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के समन्वय से किए जा रहे हैं। डॉ. अंकुर जोशी, संकाय सदस्य, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, एक नोडल अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं उनको निदेशक महोदय ने शासन द्वारा जारी विभिन्न दिशा-निर्देशों के अन पशुपालन के लिए नामित किया है। संस्थान के फार्माकॉलॉजी विभाग द्वारा इस कार्यक्रम के दौरान अपने प्रतिकूल औषध निगरानी (ADR) केंद्र से इस दवा के प्रतिकूल प्रभावों की निगरानी की व्यवस्था की गई है। अभियांत्रिकी विभाग द्वारा इस संपूर्ण प्रक्रिया के लिए संसाधन एवं लॉजिस्टिक इत्यादि सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एक निर्दिष्ट संकाय सदस्य के नेतृत्व में छह सदस्यों की एक वैक्सीनेशन टीम का गठन किया गया है। इन टीमों को भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये ऑनलाइन मॉड्यूल के तहत आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है। एम्स, भोपाल परिसर के आयुष भवन में टीकाकरण स्थल निर्धारित किया गया था। सरकार से वैक्सीनेसन प्राप्त होने से लेकर पूरी प्रक्रिया के दौरान कोल्ड चैन को बनाएं रखने के लिए सम्पूर्ण कार्य प्रणाली एवं वैक्सीनेशन का परिवहन की प्रक्रिया निर्धारित की गई थी और तद्नुसार प्रबंध किये गये हैं। इम्यूनाइजेशन से किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव पड़ने पर उपचार देने के लिए अनुभवी चिकित्सकों की टीमों का गठन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा इस अभियान के शुभारंभ के लिए वैक्सीनेशन साइट पर पारस्परिक संवाद हेतु आडियों- वीडियों की व्यवस्था भी की गई है। उद्घाटन समारोह में निदेशक महोदय, संकाय सदस्य एवं अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी भाग लेंगे।
एम्स के समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मिलित करने के लिए यह अभियान अगले 10 सप्ताह तक एक सप्ताह में चार दिन चलाया जायेगा। जिसमें प्रतिदिन 100 लाभार्थियों को सम्मिलित किया जायेगा। भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक स्टाफ सदस्य इम्यूनाइज़्ड होने का निर्णय स्वयं ले सकते है।
