एयर इंडिया बिल्डिंग को 1400 करोड़ में खरीदने को तैयार है राज्य सरकार, हो सकता है घाटे का सौदा

मुंबई. महाराष्ट्र सरकार ने मरीन ड्राइव पर स्थित प्रतिष्ठित एयर इंडिया की इमारत खरीदने का फैसला लिया है। इसके लिए 1400 करोड़ रुपए की बोली लगाई है।

पीडब्लूडी सिर्फ 350 करोड़ में खरीदना चाहता था यह बिल्डिंग 

सूत्रों के अनुसार, सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग (पीडब्लूडी) के अफसर इमारत खरीदने के लिए 1400 करोड़ रुपए की बोली लगाने के लिए तैयार नहीं थे। पीडब्लूडी के अफसरों ने एयर इंडिया की इमारत के लिए 350 करोड़ रुपए खर्च करने का सुझाव सरकार को दिया था। लेकिन पीडब्लूडी के अफसरों की नहीं चली और सरकार ने इसे 1400 करोड़ में खरीदने का निर्णय लिया।

2013 से चल रही है इसे बेचने की कोशिश 

घाटे से उबरने के लिए एयर इंडिया साल 2013 से इस इमारत बेचने की कोशिश में है लेकिन इमारत खरीदने के लिए कोई निजी कंपनी सामने नहीं आई। राज्य सरकार ने एयर इंडिया को इमारत बनाने के लिए लीज पर जमीन दिया था। अब सरकार अपनी ही जमीन को बाजार मूल्य की दर पर खरीदने के लिए बोली लगाई है। एयर इंडिया की इमारत खरीदने के लिए जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) ने 1375 करोड़ और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने 1200 करोड़ रुपए की बोली लगाई थी। इसके बाद सरकार की तरफ से सबसे ऊंची बोली लगाई गई।

हर महीने सरकार के बचेंगे 7 करोड़ रुपए

सरकार के विभिन्न विभागों के कार्यालय अलग-अलग जगहों पर है। सभी कार्यालयों को एयर इंडिया की इमारत में लाने की योजना है। विभिन्न कार्यालयों के लिए किराए के रूप में 7 करोड़ रुपए प्रति महीने खर्च करना पड़ता है। यदि सभी कार्यालय एयर इंडिया की इमारत में होंगे तो सरकार का किराए पर होने वाले खर्च बच सकेगा। इमारत में एयर इंडिया का भी एक कार्यालय होगा। इस कार्यालय के बदले एयर इंडिया राज्य सरकार को किराया देने के लिए तैयार है। सरकार ने इमारत पर लगे एयर इंडिया के लोगो को न हटाने की शर्त को मान्य किया है।

इसको लेकर कई बैठक हुईं

एयर इंडिया की इमारत खरीदने को लेकर राज्य के मुख्य सचिव यूपीएस मदान, एयर इंडिया नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारी और एयर इंडिया के प्रबंधन के बीच बैठक भी इस महीने में हो चुकी है। 

Leave a Reply