कांग्रेस पबुभा पर हाईकोर्ट के फैसले का राजनीतिक मूल्यांकन न करे : भाजपा

अहमदाबाद | गुजरात भाजपा ने कांग्रेस को नसीहत दी है कि वह द्वारका चुनाव के संदर्भ में हाईकोर्ट के फैसले का राजनीतिक मूल्यांकन या आरोप लगाने से बाज आए| बता दें कि द्वारका विधानसभा सीट पर 2017 में हुए चुनाव को गुजरात हाईकोर्ट ने आज रद्द कर दिया है|
गुजरात हाईकोर्ट के फैसले पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता भरत पंड्या ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पबुभा माणेक के नामांकन पत्र में चूक हो गई थी| इस चूक के आधार पर हाईकोर्ट ने द्वारका का चुनाव रद्द किया है| उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले की कॉपी मिलने के पश्चात भाजपा उसका अध्ययन कर सुप्रीम कोर्ट में कार्यवाही करने पर विचार करेगी| भरत पंड्या ने कहा कि पबुभा माणेक पर किसी प्रकार की अनियमितता का आरोप नहीं है, केवल उनके नामांकन पत्र में गलती हुई है| ऐसे में कांग्रेस इसका कोई राजनीतिक मूल्यांकन और आरोप लगाने से बाज आए| गौरतलब है वर्ष 2017 में द्वारका विधानसभा सीट पर चुनाव हारने वाले कांग्रेस उम्मीदवार मेरामण गोरिया ने भाजपा प्रत्याशी पबुभा माणेक की जीत को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी थी| मेरामण गोरिया की याचिका पर आज सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने द्वारका चुनाव रद्द कर दिया है|
