कांग्रेस मुख्यालय ले जाया जा रहा है शीला दीक्षित का पार्थिव शरीर

नई दिल्ली : दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का अंतिम संस्कार आज दोपहर 2:30 बजे दिल्ली के निगमबोध घाट पर होगा. इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए कांग्रेस मुख्यालय पर रखा जाएगा. अभी उनका पार्थिव शरीर निजामुद्दीन स्थित उनके आवास पर है. वहां से उसे कुछ देर में कांग्रेस मुख्यालय ले जाया जाएगा. दिल्ली में 2 दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है.
बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और सुषमा स्वराज ने शीला दीक्षित के आवास जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शीला दीक्षित को कांग्रेस की बेटी बताया. दिल्ली की पूर्व सीएम और केरल की राज्यपाल रहीं शीला दीक्षित का देहांत शनिवार दोपहर को दिल्ली के एस्कॉर्ट अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ था. वह काफी लंबे समय से बीमार चल रही थीं.
बीमार चल रहीं शीला दीक्षित को शनिवार सुबह दिल्ली के एस्कार्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल की ओर से कहा गया है कि शीला दीक्षित को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल लाया गया था. हालत सुधरने के बाद फिर से दिल का दौरा पड़ा. शाम को 3:55 बजे उनका निधन हो गया. शीला दीक्षित की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन करने के लिए शनिवार को निजामुद्दीन स्थित उनके आवास पर पीएम मोदी और सोनिया गांधी भी पहुंची थीं. कांग्रेस और बीजेपी के सभी बड़े नेता उनके घर पर पहुंचे थे.
