हम सत्ता सुख भोगने के लिए नहीं देश बनाने के लिए काम करते हैं : शिवराज सिंह

सोनपुर। लोग सोच रहे होंगे कि भाजपा की तो महाविजय हुई है फिर छुट्टियां मनाने के बजाय भाजपा सदस्यता अभियान क्यों चला रही है ? उनको बता दूं कि भारतीय जनता पार्टी, पार्टी विथ डिफरेन्स है। हम सत्ता सुख भोगने के लिए नहीं बल्कि देश बनाने के लिए काम करते हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री व सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को बिहार के सोनपुर में आयोजित कार्यक्रम में कही। श्री चौहान सदस्यता अभियान के कार्यक्रमों में सम्मिलित होने के लिए बिहार पहुंचे थे।
– देश बनाने के लिए सबको जोड़ेंगे
श्री चौहान ने सदस्यता अभियान को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के मूलमंत्र को लेकर हम हर बूथ तक जाएंगे और हर वर्ग को जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की राजनीति को नई दिशा देने का काम किया है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद के संकल्प के साथ भारत माता की सेवा कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस से लेकर सपा, बसपा,राजद, टीडीपी, टीएमसी सभी विपक्षी दल सिर्फ परिवार की पार्टियां बनकर रह गयी हैं। 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखने का काम कर रहे हैं। यूपीए के समय देश की छवि विश्व में भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण धूमिल थी। लेकिन अब सुशासन और जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करने वाली मोदी सरकार ने सिर्फ भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया बल्कि मजबूत विदेश नीति से वैश्विक मंच पर भारत की साख बढी है। 
– आतंक-घुसपैठ से मुक्त नया भारत बनेगा
उन्होंने कहा कि आतंकवाद को समाप्त करने, घुसपैठियों को बाहर निकालने और देश विरोधी गतिविधियों पर लगाम लगाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी कर रही है। घुसपैठ से पहले ही आतंकियों की कब्र उनकी जमीन पर खोदने वाला यह नया भारत है और इस पर हर भारतवासी को गर्व है।

Leave a Reply