कार शोरूम मालिक के साथ ठगी, फर्जी चेक देकर चमचमाती कार ले उड़ा

राजस्थान के जोधपुर में एक शातिर ठग ने कार शोरूम के मालिक के साथ ठगी (Cheating with car showroom owner)कर ली है.  पहले ठग ने पूर्व विधायक बनकर कार शोरूम मालिक को फोन किया और फिर खुद विधायक का भेजा हुआ आदमी बनकर शोरूम पर पहुंच गया.  यही नहीं ठग ने शोरूम मालिक को एक फर्जी चेक (Fake Cheque) दिया और वहां से कार लेकर फरार हो गया. घटना के बाद शोरूम के मालिक ने इसकी सूचना पुलिस (Jodhpur police) को दी,  पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार युवक की पहचान सुरेश के रूप में हुई है, जो कि पाली का हिस्ट्रीशीटर (History Sheeter) है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है.

पूर्व विधायक का हवाला देकर ठगा

मामला जिले के शास्त्रीनगर इलाके का है, जहां एक युवक ने केडी मोटर्स  के मालिक को फोन कर खुद को पाली का पूर्व विधायक भीमराज भाटी बताया और कहा कि उसका एक परिचित शोरूम में आएगा उसे अच्छी कंडीशन की एक सेकंड हैंड कार (Second hand car) दे देना.  थोड़ी देर में युवक खुद पूर्व विधायक भाटी का हवाला देते हुए कार लेने शोरूम पहुंच गया. शोरूम मालिक भी शातिर ठग के झांसे में आ गया और उसने विश्वास करते हुए युवक को कार पसंद करने के लिए स्टाफ के साथ भेज दिया. शातिर ठग कार पसंद कर शोरूम मालिक के पास पहुंचा और पांच लाख रुपए का एक चेक थमा दिया और कार की चाबी लेकर चलता बना.

दूसरे दिन चेक के फर्जी होने का पता चला

दूसरे दिन जब ठग के द्वारा दिए गए चेक को बैंक में ले जाया गया तो पता चला कि चेक फर्जी (Fake Cheque)  है. शोरूम मालिक ने आरोपी युवक को फोन लगाया तो उसने एक दूसरे बैंक का चैक शोरूम पर भेजने की बात कही, लेकिन ये दूसरा चैक भी कैश नहीं हो सका.  दो चेक रिटर्न होने के बाद ठग ने एक अन्य बैंक का चेक देने का भरोसा दिलाया, इसके लिए उसने शोरूम मालिक से पहले तीन लाख चालीस हजार रुपए उसके खाते में डलवाने को कहा. शोरूम मालिक ने उसके बताए खाते में 3.40 लाख रुपए भी ट्रांसफर भी कर दिए, हालांकि ये राशि ठग ने अगले ही दिन लौटा दी थी.
ठगी करने वाला युवक निकला हिस्ट्रीशीटर 

तीसरी बार भी जब शोरूम मालिक को दिया गया चेक कैश नहीं हो सका तो उसे दाल में कुछ काला होने की शंका हुई और उसने पुलिस को खबर कर दी. पुलिस ने जब मामले की पड़ताल की तो पता चला की शोरूम पर आने वाला युवक पाली का पुराना हिस्ट्रीशीटर सुरेश हैं. सुरेश पर ठगी व अन्य प्रकार के कई अपराध दर्ज हैं और उसका पाली के पूर्व विधायक भीमराज भाटी से भी कोई संबंध नहीं है. पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.  फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर कार की बरामदगी के प्रयास कर रही है.
 

Leave a Reply