कुछ लोग कर रहे बिजली कटौती का षडयंत्र: कमलनाथ 

भोपाल । बिजली कटौती षड्यंत्र है। कुछ लोग साजिश कर रहे हैं। तार काट रहे हैं और शार्ट सर्किट कर रहे हैं। ताकि बिजली संकट का माहौल बने, जबकि ऐसी कोई स्थिति नहीं है। कई लोगों पर कार्रवाई की गई है। यह जानकारी मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा कल मीडिया से चर्चा में दी। मुख्यमंत्री कल भोपाल में दोपहर तक रुके थे और इसके बाद फिर चुनावी दौरे पर निकल गए। उन्होंने मध्यप्रदेश में सरकार द्वारा घोटालों का रिकॉर्ड खंगालने जाने संबंधी सवाल पर कहा कि जो घोटाले हैं, वह सामने आएंगे। इसके लिए किसी को टारगेट नहीं किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सच्चाई को दबाएगी भी नहीं। भोपाल लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की सुरक्षा बढ़ाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई घटना हम नहीं चाहते कि जहां सुरक्षा की कमी के आरोप लगाए जाएं। 
    प्रज्ञा को काले झंडे दिखाए जाने की घटना पर मुख्यमंत्री नाथ ने कहा कि देश-प्रदेश और भोपाल की जनता बहुत समझदार है। सब सच्चाई जानते हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर कहा कि भाजपा किस तरह की राजनीति करना चाहती है, यह उनकी सोच और रणनीति है। उन्होंने कहा कि मगर जनता समझदार है और वो उनकी बातों में नहीं आने वाली है। वो सब समझती है। उन्होंने दावा किया कि भोपाल में दिग्विजय सिंह की ही जीत होगी। वहीं, चौकीदार चोर को लेकर कहा कि यह केवल राहुल गांधी या कांग्रेस नहीं कह रही है, बल्कि जनता खुद कह रही है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा को लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी नहीं मिलने के सवाल पर कहा कि वहां ऐसा संकट है। भोपाल में भी उम्मीदवार नहीं मिला और ऐसा प्रत्याशी दिया जिसने एक दिन पहले ही पार्टी को ज्वाइन किया। 

Leave a Reply