केयरटेकर खोलेगा MLA अनंत सिंह के ‘खुफिया राज’, रिमांड पर लेने की तैयारी

मोकामा (Mokama) के बाहुबली विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) के खिलाफ कार्रर्वाई में पुलिस कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती. विधायक (MLA) के पैतृक गांव लदमा से एके-47 रायफल (AK-47) और हैंड ग्रेनेड (Hand Grenade) की बरामदगी के वक्त पुलिस (POlice) के हत्थे चढ़े केयर टेकर को पुलिस सबसे बड़ा राजदार मान रही है औऱ अब उससे पुलिस पूछताछ (Inquiry) की तैयारी में है.
पुलिस को मिली है अहम जानकारियां
इसको लेकर जांच एजेंसी एनआईए को पत्र लिखा गया है. जानकारी के मुताबिक पुलिस सुनील को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ करेगी. पुलिस सूत्रों की मानें तो उसने पूछताछ के दौरान कुछ अहम जानकारियां दी हैं. गिरफ्तारी के बाद समय पूरा हो जाने के कारण जांच टीम केयर टेकर का काम करने वाले सुनील से कई पहलुओं पर पूछताछ नहीं कर सकी थी.
लंबे समय से अनंत का केयर टेकर रहा है सुनील
जिस केयरटेकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है वो लंबे अरसे से विधायक के घर में रहता है और वहां के सारे कामों को देखता था. मालूम हो कि पुलिस की छापेमारी के दौरान अनंत सिंह के लदमा स्थित पैतृक घर से पुलिस को एके-47 रायफल और हैंड ग्रेनेड मिला था. लदमा गांव में हुई इस छापेमारी में कई थानों की पुलिस लगी थी.
कई मामलों में हुआ केस
घातक हथियार मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता और कई जांच एजेंसियों को भी बुलाया गया था. इस बहुचर्चित प्रकरण में अनंत सिंह के उपर कई मामलों में केस दर्ज किया गया है जिसमें यूएपीए एक्ट भी शामिल है लेकिन विधायक पुलिस की रेड के पहले ही पटना स्थित अपने आवास को छोड़कर अंडर ग्राउंड हो गए हैं.
मूवमेंट से पहले ही हुई थी रेड
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि विधायक के घर से और दूसरे ठिकानों से हथियारों का मूवमेंट किया जाना है. कुछ दिनों पहले भी हथियारों का मूवमेंट किया गया था. प्रतिबंधित हथियारों के मूवमेंट की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की.
कार्बन से कवर की गई थी एके 47 रायफल
बताया जा रहा है कि एके 47 को कार्बन से कवर किया गया था. कार्बन से कवर करने के कारण किसी मशीनी उपकरणों द्वारा जांच में यह वस्तुएं पकड़ में नहीं आती हैं. मेटल डिटेक्टर या एक्सरे जांच से बचाने के लिए कार्बन कवर किया गया था. अनंत सिंह का आरोप है कि राज्य सरकार उनके खिलाफ साजिश रच रही है. उन्होंने इसके लिए जदयू सांसद ललन सिंह और राज्य के मंत्री नीरज पर साजिश का आरोप लगाया है.
