मुख्यमंत्री ने द्वारकाधीश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की 

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने देवभूमि द्वारिका में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करते हुए कहा कि गुजरात वायु चक्रवात से सही-सलामत बच निकला। इसलिए आज भगवान द्वारिकाधीश के दर्शन कर अपना शीश झुकाने आया हूं। उन्होंने भक्तिभावपूर्वक द्वारिका मन्दिर में भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और पादुका पूजन किया।
विजय रूपाणी ने कहा कि कुछ दिन पहले गुजरात पर वायु चक्रवाती तूफान का खतरा था, तब उन्होंने भगवान द्वारिकाधीश और सोमनाथ दादा से प्रार्थना कर गुजरात को सही-सलामत-सुरक्षित रखने की गुहार लगायी थी। आज अब ठीक हो गया है इसलिए उनके समक्ष शीश झुकाने आया हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि द्वारिका के पास स्थित शिवराजपुर बीच का विकास पर्यटन स्थल के तौर पर करने का मामला विचाराधीन है। इस अवसर पर उन्होंने केन्द्र सरकार की 'HRIDAY' योजना के अंतर्गत द्वारिका नगरपालिका द्वारा गोमतीपुर घाट- सुदामा चौक पर निर्मित आदि शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण किया। 
कार्यक्रम के दौरान दंडीस्वामी सदानन्द सरस्वती जी ने मुख्यमंत्री को गुरु गादी और पादुका का पूजन भी करवाया। द्वारिकाधीश मन्दिर व्यवस्थापक समिति के उपाध्यक्ष धनराजभाई नथवाणी ने मुख्यमंत्री को द्वारिकाधीश भगवान की प्रतिमा भेंट की और कान्हा विचार मंच के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का स्वागत कृष्ण भगवान का चित्र उपहार में देकर किया। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ गृह राज्य मंत्री प्रदीपसिंह जाड़ेजा, सांसद पूनमबेन माडम, कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीना, राजकोट रूरल एसपी बलराम मीना, प्रांत अधिकारी डीवी विठलाणी, शारदापीठ के ब्रह्मचारी नारायणानन्द जी, यात्राधाम विकास बोर्ड के डायरेक्टर रमेशभाई हेरमा, नगरपालिका अध्यक्ष जितेश माणेक, उपाध्यक्ष परेशभाई जाखरिया, अग्रणी हरिभाई, मोहनभाई सहित नगरपालिका के कई सदस्यगण और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply