कोरोनावायरस: अमेरिकी शेयर बाजार में दशक की सबसे बड़ी गिरावट, भारत में निवेशकों के डूबे 5 लाख करोड़

सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। दुनिया भर के शेयर बाजारों में हाहाकार मचा हुआ है। दोपहर 12:07 बजे बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 1,214.27 अंक यानी 3.06 की गिरावट के बाद 38,531.39 के स्तर पर था। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 364 अंक यानी 3.13 फीसदी की गिरावट के बाद 11,269.30 के स्तर पर था। घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट से कुछ ही मिनटों में निवेशकों के करीब पांच लाख करोड़ रुपये डूब गए।इससे पहले सुबह 9:51 बजे सेंसेक्स 1,164 अंकों की गिरावट के बाद 38,581 के स्तर पर था। जबकि निफ्टी 350 अंकों की गिरावट के बाद 11,285 के स्तर पर था।  सुबह 9:34 बजे सेंसेक्स 1,044.18 अंकों की गिरावट के बाद 38,701.48 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 301.60 अंकों की गिरावट के बाद 11,331.60 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। 

 

लगातार छह दिनों से बाजार में गिरावट

चीन के बाहर भी कोरोनावायरस की फैलने के चलते वैश्विक बाजार में गिरावट का दौर जारी है। इसकी वजह से निवेशक बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। लगातार छह दिनों से बाजार में गिरावट दर्ज की जा रही है। इन छह दिनों में निवेशकों को करीब 10 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। 

दुनिया भर के शेयर बाजारों में हाहाकार 

अमेरिका का शेयर मार्केट 2008 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। डाउ जोंस में एक दिन में सबसे बड़ी 1,191 अंक की गिरावट दर्ज की गई। इसमें चार फीसदी की कमी आई है। दक्षिण कोरिया, इटली और ईरान में भी इस वायरस का प्रभाव देखा गया है। एफटीएसई में 3.49 फीसदी की गिरावट आई, जापान के निक्केई में 4.02 फीसदी, नैस्डैक में 4.61 फीसदी, शंघाई कंपोजिट में 3.37 फीसदी और हैंगशेंग में 2.50 फीसदी। 

विकास दर के अनुमान से भी बाजार में गिरावट

चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्तूबर-दिसंबर) में भी विकास दर 4.5 फीसदी पर स्थिर रह सकती है। एसबीआई के अर्थशास्त्रियों ने सरकारी आंकड़े जारी होने से पहले यह अनुमान जताया है। शुक्रवार को जीडीपी ग्रोथ रेट के आंकड़े जारी होंगे। इसकी वजह से भी घरेलू शेयर बाजार में गिरावट देखी जा रही है। 

एफपीआई की बिकवाली से भी बाजार पर दबाव

इसके साथ ही विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की बिकवाली जारी रहने से भी बाजार पर दबाव है। प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को एफपीआई ने 3,127.36 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की।

ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल

दिग्गज शेयरों की बात करें, तो आज सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान पर खुले। शीर्ष नौ गिरावट वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स, यस बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, वेदांता लिमिटेड, टाटा स्टील, गेल, इंफ्राटोल और ओएनजीसी शामिल हैं। 

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर

सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स लाल निशान पर खुले। इनमें पीएसयू बैंक, आईटी, फार्मा, प्राइवेट बैंक, ऑटो, रियल्टी, मीडिया, एफएमसीजी और मेटल शामिल हैं। 

प्री ओपन के दौरान यह था शेयर मार्केट का हाल

प्री ओपन के दौरान सुबह 9:12 बजे शेयर मार्केट लाल निशान पर था। सेंसेक्स 658.19 अंक यानी 1.66 फीसदी की गिरावट के बाद 39,087.47 के स्तर पर था। वहीं निफ्टी 251.30 अंक यानी 2.16 फीसदी की गिरावट के बाद 11,382 के स्तर पर था। 

डॉलर के मुकाबले 71.65 के स्तर पर खुला रुपया 

डॉलर के मुकाबले आज रुपये में भी भारी गिरावट देखने को मिली। आज रुपया 38 पैसे की गिरावट के बाद 71.93 के स्तर पर खुला। पिछले कारोबारी दिन डॉलर के मुकाबले रुपया 71.55 के स्तर पर बंद हुआ था।

गुरुवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार 

गुरुवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 143.30 अंक यानी 0.36 फीसदी की गिरावट के बाद 39,745.66 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 45.20 अंक यानी 0.39 फीसदी की गिरावट के बाद 11,633.30 के स्तर पर बंद हुआ था। 

पिछले कारोबारी दिन गिरावट पर खुला था बाजार

पिछले कारोबारी दिन सेंसेक्स 157.83 अंक यानी 0.40 फीसदी की गिरावट के बाद 39,731.13 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 39.90 अंक यानी 0.34 फीसदी की गिरावट के बाद 11,638.60 के स्तर पर खुला था। इसके बाद सुबह 10:47 बजे सेंसेक्स 410.68 अंक यानी 1.03 फीसदी की गिरावट के बाद 39,478.28 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 124.60 अंक यानी 1.07 फीसदी की गिरावट के बाद 11,553.90 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। 

Leave a Reply