कोर्ट से बरी हुए युवक पर तीन लोगों ने की अंधाधुंध फायरिंग, हालत गंभीर

पलवल । पलवल जिले में हत्या के मामले में कोर्ट से बरी हुए एक युवक पर तीन लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल युवक के परिजनों ने कहा कि साल 2015 में गांव के ही रविंद्र उर्फ रवि के पिता की किसी ने हत्या कर दी थी। इस मामले में रवि ने इस शख्स का नाम भी आरोपियों में शामिल करवाया था। इस मामले में वह भी जेल में बंद रहा। कोर्ट ने उसे बरी कर दिया। रवि उससे रंजिश रखता था। परिजनों ने कहा कि वह जब गुलाबद से अपने गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में रविंद्र उर्फ रवि ने अपने दो साथियों के साथ उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। परिजनों ने कहा कि पहली गोली उसके हाथ में और दूसरी पीठ में लगी तो वह बाइक समेत खेत में गिर पड़ा। इसके बाद रविंद्र व उसके दोनों साथी पास आ गए। रविंद्र ने कहा कि कोर्ट से बच गया, लेकिन मुझसे कैसे बचेगा। इतना कहते ही सिर के पीछे दो गोली मार दी। इसके बाद साथियों ने कहा कि रविंद्र चलो, अब तो यह मर गया। इस मामले की सूचना मिलने पर उसके पिता मौके पर पहुंचे और जिला अस्पताल ले गए, जहां से युवक को दिल्ली रेफर कर दिया गया। इस संबंध में पुलिस ने रविंद्र उर्फ रवि व उसके दो दोस्तों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
