खट्टर ने लगाई फीस वृद्धि पर रोक छात्रों को देनी होनी पुरानी फीस

कैथल | हरियाणा के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में की गई फीस बृद्धि का छात्रों द्वारा विरोध किए जाने के बीच राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने छात्रों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए कहा कि शैक्षणिक सत्र 2019-20 में भी पुरानी फीस ही ली जाएगी और जिन छात्रों से बढ़ी हुई फीस ली गई है वह उन्हें 15 दिनों के भीतर वापस कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के उत्तर क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल की अगुवाई में आए एक प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई मुलाकात के दौरान की। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से शैक्षणिक सत्र 2019-20 के लिए फीस बढ़ाने का फैसला वापस लेने तथा छात्रों से ली गई बढ़ी हुई फीस वापिस करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने इस पर राज्य के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों के सभी कुलपतियों को निर्देश दिए हैं कि वे शैक्षणिक सत्र 2018-19 में छात्रों के लिए क्रियान्वित की गई फीस सरंचना (स्ट्रक्चर) को शैक्षणिक सत्र 2019-20 लिये भी लागू करें और जिन छात्रों से बढ़ी हुई फीस ली गई है उसे वापिस कर दें।
