घर में स्पा के नाम पर चल रहे सेक्स रैकेट का भंडाफोड़

मुंबई । मुंबई के आलीशान होटलों और घरों में चल रहे देह व्यापार के बड़े धंधे का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गुरूवार को पुलिस ने बताया कि आरोपी लोगों को ‘घर में स्पा' सेवा देने का लालच देते थे। मुंबई अपराध शाखा की यूनिट-9 ने अंधेरी में एक पांच सितारा होटल में छापेमारी कर देह व्यापार के धंधे में धकेली गई तीन महिलाओं को छुड़ाया।
पुलिस ने इस संबंध में एक निजी कंपनी के मालिक रजनीश सिंह (35) को गिरफ्तार किया है। सिंह के अलावा इस कंपनी में काम करने वाली पांच महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस को 4.70 लाख रुपए नकद बरामद हुए है। अपराध शाखा की निरीक्षक आशा कोराके ने बताया कि एक समाचार पत्र में प्रकाशित एक विज्ञापन की तहकीकात करने पर पुलिस को इस गिरोह का पता चला।विज्ञापन में ‘घर में स्पा सुविधा' देने की बात कही गई थी। पुलिस ने बताया कि रजनीश 10 माह से भी ज्यादा वक्त से यह धंधा चला रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिसके बाद अंधेरी के एक होटल में तीन महिलाएं भेजी गईं। इसके बाद वहां छापा मारा गया। अदालत ने सभी छह आरोपियों को शनिवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
