खेलते हुए तालाब में गिरीं 3 बच्चियां, मौत

मेवात । हरियाणा के नूंह मेवात में अलवर एनएच- 248 ए स्थित रेवासन गांव के तालाब में गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे खेलते समय एक बच्ची तालाब में गिर गई। जिस पर उसे बचाने के लिए वहीं पर खेल रही दो और बच्ची तालाब में कूद गई। इस दौरान तालाब में डूबने से तीनों ही बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों को इस बारे में तब पता चला जब सबसे कम उम्र की लड़की पानी पर ऊपर तैरती दिखाई दी। इसके बाद परिजनों व ग्रामीणों ने बाकि 2 लड़कियों की भी तलाश की, जिनको भी कुछ देर बाद तालाब से ही मृत अवस्था में निकाला गया। बाद में तीनों लड़कियों को राजकीय शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज नलहड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नूंह भिजवाया, जहां से उनका पंचनामा कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।
घटना के बाद से ही रेवासन गांव में रक्षाबंधन के दिन सन्नाटा पसर गया। बताया जा रहा है कि दोपहर बाद अरुणा (8 साल) , सुबीना (8 साल) के साथ सालीका उम्र डेढ़ साल तालाब किनारे बनी एक झोपड़ी में खेल रही थी। तभी सालीका तालाब में गिर गई, जिसे बचाने के लिए अरुणा तथा सुबीना ने तालाब में छलांग लगा दी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची रेवासन पुलिस ने मामले में 174 की कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल तीनों बच्चियों के शव को देर शाम सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
