खड़े कंटेनर से भिड़ी पिकअप, दो की मौत

रामसनेहीघाट-बाराबंकी । लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर मंगलवार की सुबह अयोध्या की ओर से आ रही एक पिकअप पहले से खड़े ट्रक कंटेनर से टकरा गई जिससे पिकअप के चालक और क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक राजमार्ग पर धरौली के निकट एक कंटेनर ट्रक संख्या आरजे 09 जीबी 7716 पहले से खड़ा था सुबह करीब 6 बजे इसी कंटेनर में अयोध्या की ओर से आ रही पिकअप संख्या एचआर 55 एन 1164 आकर टकरा गई। पिकअप की स्पीड काफी तेज होने के कारण उसका इंजन और केबिन दोनों पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए तथा पिकअप के चालक और क्लीनर दोनों उसी में बुरी तरह फंस गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसएसआई संजय ने पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के सहयोग से उन्हें बाहर निकलवा कर बनी कोडर सीएससी भिजवाया जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पिक अप में मौजूद अभिलेख के आधार पर चालक की शिनाख्त हरियाणा के भिवानी जनपद के सिंघानी निवासी राजकुमार पुत्र अमीर सिंह के रूप में हुई जबकि क्लीनर की कोई शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
