1 नंबर की 2 गाडिय़ां; डीटीअओ समेत 3 पर धोखाधड़ी का केस

बीकानेर। शहर में एक ही नंबर की दो गाडिय़ां हैं। सोमवार को दो बोलेरो मैक्स एक साथ जैसे ही आरटीएओ ऑफिस पहुंची, तो मामला खुल गया। मामला अधिकारियों की जानकारी में आया तो सभी हैरत में पड़ गए। इस संबंध में बीकाजी फैक्ट्री के पास रहने वाले वाहन मालिक किशनराम ने बीछवाल थाने में डीटीओ जुगलकिशोर माथुर, यातायात सलाहकार नंदकिशोर शर्मा और आरोपी मूलचंद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया है। किशनराम ने पुलिस को बताया कि उसके पास वर्ष 2015 से सिल्वर रंग की महेंद्रा मैक्स( 2009 मॉडल) गाड़ी है। फाइनेंस की किस्त पूरी होने पर वह एनओसी लेने कंपनी और आरटीओ ऑफिस गया तो पता चला कि किसी अन्य व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेज से वही नंबर रजिस्टर्ड करा रखा है। पड़ताल में मालूम चला कि वाहन के पंजीयन नंबर से छेड़छाड़ करने वाला मूलचंद निवासी हनुमान मंदिर वार्ड 15 है। आरोप है मूलचंद ने डीटीओ और यातायात सलाहकार से मिलीभगत करके धोखाधड़ी से वाहन के नंबर दूसरी गाड़ी पर ट्रांसफर करवाए हैं। उधर, डीटीओ जुगलकिशोर माथुर का कहना है कि वाहन 15 साल के लिए रजिस्टर्ड होता है। कार्यालय में एक ही नंबर के दो वाहन आए हैं। इनमें एक बोलेरो दो बार सेल हो चुकी है। रिकॉर्ड और दस्तावेज देखने पर ही पता चलेगा कि सही कौन है। इस मामले में एक पक्ष ने कलेक्टर से भी शिकायत की है। 
 

Leave a Reply