गायत्री प्रजापति के बेटे समेत चार पर रेप पीड़िता की बेटी को बंधक बनाकर छेड़छाड़ का आरोप, FIR दर्ज

फतेहपुर. सपा सरकार में खनन मंत्री रहे रेप के आरोपी गायत्री प्रसाद प्रजापति (Gayatri Prasad Prajapati) के बेटे समेत चार लोगों पर रेप पीड़िता (Rape Victim) की बेटी को बंधक बनाकर छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है. बता दें कि गायत्री प्रजापति के पर लगे रेप के आरोप में पीड़िता अहम गवाह है. आरोप है कि शनिवार को सुरक्षा की गुहार लेकर डीआईजी से मिलने जा रही दुष्कर्म पीड़िता की बेटी को प्रजापति के बेटे और उसके चार साथी कार में घसीट ले गए. उसके साथ अश्लील हरकत की और जान से मारने की धमकी दी. राहगीरों के पहुंचने पर पीड़िता ने किसी तरह कार से कूदकर जान बचाई.
बिंदकी थाने में दर्ज हुई एफआईआर
रविवार को पीड़िता की तहरीर पर बिंदकी थाने में पुलिस ने गायत्री प्रसाद प्रजापति के बेटे और उसके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. युवती के मुताबिक उसकी मां ने गायत्री प्रसाद प्रजापति के दबाव और पैसों के लालच में कोर्ट में अपना बयान बदल दिया है. इतना ही नहीं उस पर भी दबाव बनाया जा रहा है कि वह भी बयान बदल दे. साथ ही उसकी मां ने उसे कोर्ट में तलब न किए जाने का प्रार्थनापात्र भी दिया है.
युवती का आरोप है कि उसे जान से मारने की लगातार कोशिश की जा रही है. शनिवार को वह अपनी सुरक्षा के लिए डीआईजी से मिलने जा रही थी, तभी गायत्री प्रसाद प्रजापति के बेटे और उसके साथियों ने उसे बंधक बनाकर अश्लील हरकत की और जान से मारने की धमकी दी.
बता दें कि गायत्री मामले में अहम् गवाह पीड़िता ने अपनी मां और पूर्व मंत्री से खुद को जान का खतरा बताते हुए एक वीडियो भी वायरल किया था. उसका आरोप है कि गायत्री प्रसाद के गुर्गे लगातार उनका पीछा कर रहे हैं. उनका घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है. पूरे मामले में उसकी मां भी संपत्ति और पैसे लेकर अपना बयान बदल चुकी है. गौरतलब है कि रेप मामले आरोपी गायत्री प्रजापति जेल में हैं. फिलहाल खराब सेहत की वजह से वह कई महीनों से लखनऊ के केजीएमयू में एडमिट हैं.
