गोली मारकर युवक से कार छीन बदमाश फरार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

यमुनानगर । यमुनानगर में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर उसकी स्विफ्ट कार लेकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इस वारदात की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर पड़ताल की। इसके बाद घायल युवक को सिविल अस्पताल जगाधरी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। यह पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई जो पुलिस के लिए सबसे बुनियादी और मजबूत सुराग बन चुका है। फुटेज के अनुसार यह वारदात लगभग 6:10 पर घटी जबकि कार इस जगह पर 4:47 बजे से खड़ी थी। 6:10 बजे बदमाश कार के भीतर कार चालक के साथ हाथापाई करते हुए नजर आ रहे हैं और इस दौरान कार चालक को गोली मार दी जाती है। फिर कार से उतरकर एक अन्य बदमाश ड्राइवर के दूसरी ओर का डोर खोलकर कार चालक को सड़क पर फेंक देता है और खुद कार में बैठ जाता है। इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर से ट्रैफिक भी चल रहा था और बाजार भी लगभग खुला हुआ था। मगर, इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता बदमाश कार लेकर फरार हो जाते हैं। यह सूचना पाकर यमुनानगर के एसपी कमलदीप गोयल भी अपने लाव लश्कर के साथ मौके-ए-वारदात पर पहुंच गए, जहां पुलिस टीम ने इस वारदात से जुड़े सुराग जुटाने शुरू कर दिए और इस वारदात से संबंधित सभी संभावित पहलुओं को भी बारीकी से खंगाला गया। सीआईए इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया की पहली नजर में यह मामला गोली मारकर कार छीनने का लगता है। मगर अभी इस बारे में विस्तार से बताना बहुत जल्दी होगा। इस वारदात में घायल युवक को डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। यह घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है उसे भी खंगाला जा रहा है। कार चालक की पहचान यमुनानगर के बिलासपुर कस्बे में पड़ने वाले गांव अजीज पुर निवासी सुमित के रूप में हुई है। बताया गया कि सुमित रविवार को अलीपुरा गांव स्थित अपनी ससुराल में पत्नी को छोड़कर वापिस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी ने उससे लिफ्ट ली। वह लिफ्ट लेने वाले व्यक्ति को छोड़ने बस स्टैंड की तरफ जा ही रहा था कि उक्त व्यक्ति ने उसे बस स्टैंड से थोड़ा पहले ही रुकने के लिए बोला। इसी दौरान किसी ने सुमित को गोली मार दी और वह घायल हो गया। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रहा है।
