घुसपैठ और तस्करी को रोकने में कोस्ट गार्ड की भूमिका अहमः मुख्यमंत्री

अहमदाबाद | मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गुरुवार को भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) के जिला मुख्यालय-15 ओखा में तटरक्षक जवानों के लिए निर्मित पारिवारिक आवासों का लोकार्पण किया। देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में तैनात भारतीय तटरक्षक जवानों को आवास की संपूर्ण सुविधाएं मुहैया कराने और देश की जल सीमा के रक्षकों के परिवारों को भी ‘अपना घर’ का एहसास कराने के लिए मुख्यमंत्री ने मेरिड एकोमेडेशन बिल्डिंग (पारिवारिक आवास इमारत) का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भारतीय तटरक्षक बल के जवानों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गुजरात का समुद्र तट देश में सर्वाधिक 1600 किलोमीटर लंबा है साथ ही दुश्मन देश के साथ जल, थल और नभ तीनों ही सीमाएं साझा करता है। ऐसे में, समुद्री सीमा की रक्षा करने वाले कोस्ट गार्ड के जवान समुद्र में होने वाली अनेक अवैध गतिविधियों को रोकने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की समुद्री सीमाओं से घुसपैठ, मछुआरों का उत्पीड़न, ड्रग्स और हथियारों की तस्करी जैसी गतिविधियों को रोकने में कोस्ट गार्ड की भूमिका सराहनीय है। गुजरात में मरीन कमांडो और मरीन पुलिस के जरिए भी गुजरात सरकार ने समुद्री तटों और बंदरगाहों की सुरक्षा सुनिश्चित की है। मत्स्योद्योग, मालवाहक जहाज और मछुआरों की सुरक्षा के साथ ही अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए महत्वपूर्ण कंडला और मुंद्रा जैसे बंदरगाहों पर पैनी नजर रखते हुए तटरक्षक बल के जवान अपने आदर्श वाक्य ‘वयम् रक्षामः अर्थात हम रक्षा करते हैं’ को सार्थक कर रहे हैं। रूपाणी ने कहा कि मरीन ईकोलॉजी यानी समुद्री पर्यावरण और दुर्लभ समुद्री जीवों का संरक्षण और आपदा के दौरान रेस्क्यू करते हुए कोस्ट गार्ड के जवानों ने इस वर्ष 20 से अधिक अनमोल मानव जिन्दगी को बचाया है। गत वर्ष 1200 करोड़ रुपए के मादक पदार्थों को पाकिस्तानी बोट से पकड़कर और इस वर्ष 500 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का ड्रग्स बरामद कर गुजरात की युवा पीढ़ी को बर्बाद होने से बचाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के संकट में लॉकडाउन के दौरान भी 103 दिनों तक 300 लोगों के भोजन की व्यवस्था कोस्ट गार्ड की ओर से की गई थी। उन्होंने कहा कि मां भारती की सुरक्षा और सेवा में जुड़े तटरक्षकों के लिए पारिवारिक आवास के माध्यम से सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर, ओखा कोस्ट गार्ड मुकेश कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में भारतीय तटरक्षक जिला मुख्यालय-15 ओखा के सेवाकार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जलापूर्ति मंत्री कुंवरजीभाई बावलिया, पर्यटन मंत्री जवाहरभाई चावड़ा, सांसद पूनमबेन माडम सहित कई महानुभाव और कोस्ट गार्ड के जवान मौजूद थे। 

Leave a Reply