चार नई दीनदयाल रसोई व 15 रैन बसेरे खुलेंगे

भोपाल । शहर में चार नई दीनदयाल रसोई व 15 रैन बसेरे और खुलेंगे। 25 फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इनका लोकार्पण कर सकते हैं। इसी हिसाब से नगर निगम तैयारियां कर रहा है। इससे रात में ठहरने के लिए बुजुर्ग, मजदूर एवं निर्धन लोगों को सिर पर छत मिलेगी। मालूम हो कि वर्तमान में राजधानी में 15 रैन बसेरे हैं। दो-तीन आश्रय गृह निजी स्तर पर भी संचालित किए जा रहे हैं। नगर निगम नए रैन बसेरों के लिए जगह का चयन कर रहा है। इसके अलावा चार नई दीनदयाल रसोई भी खोली जाएंगी, जहां पर जरूरतमंदों को महज 10 रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा।शहर में सबसे बड़ा रैन बसेरा सुल्तानिया अस्पताल के सामने हैं, जहां 400 लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। शेष 14 बसेरों में औसत 30-30 लोग रात में रुक सकते हैं। हालांकि, कई रैन बसेरों में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं। वहीं आधार कार्ड, सुरक्षा आदि बहाने बनाकर कई रैन बसेरों में कर्मचारी लोगों को रुकने ही नहीं देते हैं। अब नए रैन बसेरे खोलने की तैयारी है। राजधानी में करोंद, पुतलीघर के समीप, रायसेन रोड स्थित अयोध्या बायपास एवं कोलार में दीनदयाल रसोई खोलने की योजना है। वर्तमान में सुल्तानिया अस्पताल के सामने दीनदयाल रसोई है, जहां पर 10 रुपये की रियायती दर पर निर्धन लोगों को भोजन मिलता है। सप्ताह में अलग-अलग दिन अलग मैन्यू रहता है। चार नई रसोई खुलने से निर्धन लोगों को रियायती दर पर भोजन मिलने में और सहूलियत हो जाएगी। इस मामले में उपायुक्त विनोदकुमार शुक्ला का कहना है कि सभी जगह बिस्तर समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई है। कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित संख्या में जरूरतमंदों को रुकवाए।
