चूरू में युवक ने दोस्त को मारकर जमीन में गाड़ा, बहिन से अवैध संबंधों का था शक

चूरू के रतनगढ़ थाना इलाके में दो दिन पहले मिट्टी में गड़े मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. युवक की हत्या उसके ही दोस्त ने अपनी बहिन से अवैध संबंधों के शक में की थी. उसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से दोस्त के शव को जमीन में गाड़ दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा.
पुलिस निरीक्षक हरजिंद्रसिंह ने बताया कि गत 1 मई को रतनगढ़ से 9 किमी दूर गांव गुंसाईसर गांव के पास मिट्टी में दबा हुआ एक युवक का शव मिला था. युवक की शिनाख्त दिलशेर के रूप में हुई थी. हनुमानगढ़ निवासी दिलशेर अपने साथी अलादिता के साथ गत 30 अप्रैल ट्रेक्टर-ट्रॉली में पशु चारा भरकर जयपुर के लिए रवाना हुआ था. अलादिता को दिलशेर पर अपनी बहन से अवैध संबंधों का शक था. इसलिए उसने रास्ते में लोहे के हथियार से दिलशेर के सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर वारकर उसे मौत के घाट उतार दिया. बाद में रतनगढ़ और फतेहपुर बीच गुंसाईसर गांव के पास उसे मिट्टी में गाड़ दिया. अलादिता भी हनुमानगढ़ का रहने वाला है.
वारदात के बाद में आरोपी ने मृतक के परिजनों और पुलिस को गुमराह करने की नीयत से दिलशेर के दुर्घटना में मारे जाने की झूठी कहानी गढ़ी. यही नहीं बाद में खुद ही शव की बरामदगी भी करवाई थी. लेकिन मृतक के पिता ने शक के आधार पर अलादिता के खिलाफ दिलशेर की हत्या करने और सबूत मिटाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था. इस पर पुलिस ने अलादिता से कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने हकीकत बयां कर दी.
